कपड़ा मंत्रालय की नई उड़ान : गिरिराज सिंह ने गिनाईं 100 दिन की उपलब्धियां, बताया 166 मिलियन का बाजार

Google Photo | गिरिराज सिंह



New Delhi : केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया। जिसमें मंत्री ने अपने मंत्रालय के पिछले 100 दिनों की उपलब्धियों का लेखा-जोखा पेश किया। किसानों से लेकर उद्योगपतियों तक, इस रिपोर्ट कार्ड में हर वर्ग के लिए कुछ न कुछ खास बताया गया। गिरिराज सिंह ने कहा कि कैसे कपड़ा मंत्रालय ने कृषि के बाद देश का दूसरा सबसे बड़ा रोजगार देने वाला क्षेत्र बनने का गौरव हासिल किया है।

166 मिलियन का बाजार
केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि कपड़ा मंत्रालय अब कृषि के बाद रोजगार देने वाला दूसरा सबसे बड़ा क्षेत्र बन गया है। यह किसानों और उद्योग दोनों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 166 मिलियन का बाजार है, जिसे 350 मिलियन तक ले जाने का लक्ष्य है। मंत्रालय का 'विजन नेक्स्ट' नाम का एक महत्वाकांक्षी एजेंडा है।

टेक्सटाइल पार्क की शुरुआत 
मंत्री ने यह भी बताया कि दुनिया में चार प्रकार के रेशम होते हैं और ये सभी भारत में पाए जाते हैं। पिछले 100 दिनों में मंत्रालय ने 150 शोध प्रस्तावों को मंजूरी दी है। इसके अलावा, पीएम मेगा मित्र टेक्सटाइल पार्क की शुरुआत की गई है, जिसकी पहली इकाई 20 सितंबर को अमरावती में शुरू हुई। हथकरघा क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। महिला सशक्तीकरण के लिए प्रधानमंत्री मोदी के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाते हुए 'सिल्क दीदी' जैसी योजनाएं शुरू की गई हैं।

चार हजार शहर जुड़े : मंत्री
गिरिराज सिंह ने NIFT को टेक्सटाइल उद्योग का आधार बताया। उन्होंने कहा कि डिजाइन के बिना यह उद्योग नहीं चल सकता। आत्मनिर्भर भारत अभियान के कारण अब हम अपना फोरकास्ट कर रहे हैं और डिजाइन तैयार कर रहे हैं। इस योजना से 4 हजार शहर जुड़े हुए हैं। मंत्री ने बताया कि 2014 में जहां 20 हजार टन उत्पादन था, वहीं अब यह बढ़कर 40 हजार टन हो गया है। मंत्रालय ने 50 हजार टन का नया लक्ष्य निर्धारित किया है। इस क्षेत्र में लगभग 1 करोड़ लोग कार्यरत हैं।

अन्य खबरें