लेट्स इंस्पायर बिहार का ऐतिहासिक आयोजन : IPS विकास वैभव करेंगे अगुवाई, दिल्ली में दिखेगा बिहार का दम

Tricity Today | IPS विकास वैभव



Delhi News : आगामी 22 दिसंबर 2024 को नई दिल्ली के प्रतिष्ठित भारत मंडपम में एक ऐतिहासिक आयोजन होने जा रहा है। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी विकास वैभव के नेतृत्व में "लेट्स इंस्पायर बिहार" पहल का दूसरा सीजन आयोजित किया जाएगा, जिसमें बिहार से जुड़े लोग हिस्सा लेंगे। बता दें कि "लेट्स इंस्पायर बिहार" एक स्वैच्छिक सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षिक पहल है, जो बिहार के बेहतर भविष्य के निर्माण में योगदान देने के लिए शिक्षा, समानता और उद्यमिता के विषयों पर काम कर रही है। यह पहल 22 मार्च, 2021 को वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी विकास वैभव के आह्वान पर शुरू की गई थी।

पहल का मुख्य उद्देश्य
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी विकास वैभव ने ट्राइसिटी टुडे को बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य 2047 तक विकसित भारत में एक ऐसा विकसित बिहार बनाना है, जहां किसी को भी शिक्षा, रोजगार या स्वास्थ्य के लिए कहीं और न जाना पड़े। बिहार में उद्यमिता और शिक्षा का प्रसार करते हुए सफल उद्यमियों को स्थापित करना है। इस दिशा में कई स्टार्टअप सम्मेलन और वाइब्रेंट बिहार ग्लोबल कॉन्क्लेव का आयोजन पटना में 2022 और 2023 में किया गया। दिल्ली में भी बिहार उद्यमिता सम्मेलन 2021 और बिहार विजन @2047 कॉन्क्लेव 2023 का सफल आयोजन किया गया।

स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन
विकास वैभव ने बताया कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में डॉक्टरों द्वारा स्थापित जीवक अध्यय ने 200 से अधिक निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया, जिससे 25 हजार से अधिक वंचित लोगों को लाभ मिला। महिलाओं द्वारा स्थापित गार्गी चैप्टर आज बिहार के 8 जिलों में 15 गार्गी पाठशाला केंद्रों में वंचित छात्रों को मुफ्त शिक्षा प्रदान कर रहा है।वर्तमान में लगभग एक लाख से अधिक लोग स्वेच्छा से इस पहल से जुड़े हैं और सकारात्मक योगदान दे रहे हैं।

भारत मंडपम में प्रस्तावित कार्यक्रम 
चीफ कोऑर्डिनेटर दिल्ली एनसीआर इंदर मोहन यादव पिछले 3 वर्षों में इस पहल के तहत बिहार के सभी जिलों में भारत के प्रमुख महानगरों में और विदेशों में भी 1400 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। 10 दिसंबर, 2023 को बेगूसराय में नमस्ते बिहार प्रथम बृहत जन संवाद का आयोजन किया गया, जिसमें 50 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया। दूसरा बृहत जन संवाद 21 जनवरी, 2024 को आरा में आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि बिहार में उद्यमिता को बढ़ावा देने के संकल्प के साथ, बिहार 2047 विजन कॉन्क्लेव के दूसरे सीजन का आयोजन 22 दिसंबर, 2024 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में प्रस्तावित है।

अन्य खबरें