दिल्ली मेट्रो में सफर करने वाले ध्यान दें : यात्रा करते समय यह गलतियां पड़ सकती है भारी, देना पड़ सकता है जुर्माना

Google Image | Symbolic Image



Delhi News : दिल्ली मेट्रो में रोजाना लगभग 50 लाख से अधिक यात्री यात्रा करते हैं। हाल ही में 13 अगस्त को एक दिन में 72 लाख यात्रियों ने यात्रा करके एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया। इस आंकड़े से पता चलता है कि दिल्ली और एनसीआर में लोग मेट्रो का कितना उपयोग करते हैं। इसी बढ़ती संख्या के साथ यात्रियों के लिए कुछ नियम भी बनाए गए हैं। जिनका पालन करना जरूरी है। अक्सर लोग मेट्रो में यात्रा के दौरान छोटी-छोटी गलतियां करते हैं, जो उन्हें जुर्माना भरने के लिए मजबूर कर सकती हैं। सुरक्षित और सरल यात्रा के लिए सभी यात्रियों को इन नियमों का ध्यान रखना चाहिए।

महिला बोगी में यात्रा करने पर लग सकता है जुर्माना
महिला बोगी में यात्रा के लिए खास नियम बनाए गए हैं। मेट्रो में महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला बोगी निर्धारित की गई है। अक्सर पुरुष यात्री अनजाने में महिला बोगी में चढ़ जाते हैं। ऐसे में यदि कोई पुरुष महिला बोगी में यात्रा करता है, तो उसे दिल्ली मेट्रो रेलवे अधिनियम 2002 के तहत 250 रुपये का जुर्माना भरना पड़ सकता है। यह नियम महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बेहद आवश्यक है और सभी यात्रियों को इसे गंभीरता से लेना चाहिए।

मेट्रो कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करना पड़ सकता है भारी
बिना टिकट यात्रा करना मेट्रो में एक अपराध माना जाता है। यदि कोई यात्री बिना टिकट या मेट्रो कार्ड के मेट्रो में यात्रा करता है, तो उसे 50 रुपये का जुर्माना देना पड़ता है। इसके अलावा मेट्रो स्टेशन पर तैनात कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करना या उनकी ड्यूटी में बाधा डालना भी अपराध है। इस प्रकार की हरकत करने पर यात्रियों के खिलाफ दिल्ली मेट्रो रेलवे अधिनियम 2002 के तहत 500 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। यह नियम सभी यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए बनाए गए हैं।

यह गलती करने पर भी देना पड़ सकता है जुर्माना
मेट्रो ट्रेन में सफाई बनाए रखना सभी यात्रियों की जिम्मेदारी है। ट्रेन के फर्श पर बैठना या इधर-उधर थूकना मेट्रो के नियमों का उल्लंघन है। अगर कोई यात्री ऐसा करता है तो उसे 200 रुपये का जुर्माना भुगतना पड़ सकता है। अगर आप मेट्रो से यात्रा करते हैं तो इन नियमों का ध्यान रखकर न केवल अपनी यात्रा को सुरक्षित बनाएं, बल्कि दूसरों के लिए भी एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करें।

अन्य खबरें