कौन हैं आतिशी जो बनेंगी दिल्ली की नई मुख्यमंत्री : पार्टी के दो बड़े नेताओं के जेल जाने के बाद ऐसे संभाली थी कमान, अब लेंगी  केजरीवाल की जगह 

Google Image | आतिशी



Delhi News : दिल्ली में सीएम अरविन्द केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने जेल से बाहर आने के बाद बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद अब पार्टी की कार्यकर्ता आतिशी (Atishi) को नया मुख्यमंत्री बनाने का प्रस्ताव रखा है। इसी के साथ अब दिल्ली में राजनीतिक उथल-पुथल हो चुकी है। पहले केजरीवाल और मनीष सिसोदिया का जेल जाना अब इस्तीफा और नया मुख्यमंत्री। हालांकि, अब तक आतिशी के मुख्यमंत्री बनने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कई और नेताओं के नाम भी सामने आ रहे हैं। 

प्रारंभिक जीवन और शिक्षा
आतिशी का जन्म 8 जून 1981 को दिल्ली में हुआ था। उनके माता-पिता, विजय सिंह और त्रिप्ता वाही, दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रोफेसर थे। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा स्प्रिंगडेल्स स्कूल, दिल्ली से पूरी की और फिर सेंट स्टीफेंस कॉलेज, दिल्ली से इतिहास में स्नातक की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से चेवेनिंग स्कॉलरशिप पर प्राचीन और आधुनिक इतिहास में मास्टर्स किया।

ऐसा था राजनीतिक करियर
आतिशी ने 2012 में भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन के दौरान राजनीति में कदम रखा और आम आदमी पार्टी की नींव रखने वाले लोगों में शामिल रहीं। पार्टी को आज इस मुकाम तक पहुंचाने में आतिशी का बड़ा योगदान है। उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव में पूर्वी दिल्ली से चुनाव लड़ा, लेकिन हार गईं। 2020 में उन्होंने कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीता और विधायक बनीं। इसके बाद दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के जेल जाने के बाद वे शिक्षा मंत्री बन गईं।

मंत्री बनने के बाद कई बड़े फैसले लिए
शिक्षा मंत्री बनने के बाद आतिशी ने दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण सुधार किए हैं। उन्होंने मनीष सिसोदिया के सलाहकार के रूप में भी काम किया और शिक्षा नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आतिशी वर्तमान में दिल्ली सरकार में शिक्षा, पीडब्ल्यूडी, संस्कृति और पर्यटन मंत्री के रूप में कार्यरत हैं।

आज शाम को केजरीवाल देंगे इस्तीफा 
आम आदमी पार्टी (आप) के सभी विधायकों ने आतिशी को विधायक दल की नेता चुना है। अब आतिशी अरविंद केजरीवाल की जगह लेंगी। वह दिल्ली के मुख्यमंत्री का पद संभालेंगी। वही, अरविंद केजरीवाल औपचारिक रूप से अपना इस्तीफा सौंपने के लिए शाम 04:30 बजे उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मुलाकात कर सकते हैं। केजरीवाल ने 15 सितंबर को सीएम पद से इस्तीफे का एलान किया था।

अन्य खबरें