ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मर्डर : लोहे के पाईप से हमला कर पत्नी की हत्या करने वाला पति गिरफ्तार, जानिए क्यों की वारदात

Tricity Today | पुलिस गिरफ्त में आरोपी



Greater Noida West : ग्रेटर नोएडा वेस्ट में थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के खेड़ा चौगानपुर गांव में एक पति ने अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने पहले पत्नी को जमकर पीटा। फिर लोहे की रॉड से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति वहां से भाग निकला था। जब बेटी घर पहुंची तो वारदात का पता चला। आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमों का गठन किया गया था। पुलिस ने सूचना के आधार पर आरोपी को बालक इंटर कॉलेज के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से आलाकत्ल भी बरामद कर लिया है। 

क्या था पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक मूल रूप से लखीमपुर खीरी के मैगलगंज निवासी पुतान सिंह अपने परिवार के साथ खेड़ा चौगानपुर गांव में एक मकान में किराए पर रह रहे थे। शुक्रवार शाम पुतान सिंह का अपनी पत्नी रजनी से झगड़ा हुआ था। इसके बाद आरोपी ने पहले पत्नी को पीटा, फिर घर में रखी लोहे की रॉड से सिर पर हमला कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी फरार हो गया। मकान मालिक ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। 

आए दिन डंडो और पाईपों से करता था मारपीट 
पुलिस के अनुसार, आरोपी पुतान सिंह की उम्र 55 साल है, जबकि उसकी पत्नी की उम्र 50 साल है। दोनों के छह बच्चे हैं। उनकी एक बेटी दंपती के साथ रहती थी। वारदात के वक्त वह बाजार गई हुई थी। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसका अपनी पत्नी से पारिवारिक बातो को लेकर विवाद रहता था। आरोपी आये दिन छोटी-छोटी बातो को लेकर अपनी पत्नी के साथ डंडे, पाईप से मारपीट करता था। घटना वाले दिन भी आरोपी और उसकी पत्नी के बीच विवाद हुआ था। विवाद मे पूर्व की भांति आरोपी द्वारा अचानक अपनी पत्नी के सिर में लोहे का पाईप मारकर मौके से भाग गया। लोहे का पाईप लगने से मृतका के सिर से अत्याधिक खून निकल जाने के कारण उसकी मृत्यु हो गयी थी।

हत्या में प्रयुक्त लोहे का पाईप बरामद
इस संबंध में पुलिस ने महिला की हत्या के आरोप में पति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई थी। पुलिस टीमों ने शनिवार को लोकल इंटेलिजेन्स, सर्विलांस और सीसीटीवी की मदद से आरोपी पुतान सिंह पुत्र सुरजन को थाना क्षेत्र के बालक इंटर कॉलेज वाले सीएनजी पम्प के पास से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी की निशादेही पर हत्या में प्रयुक्त एक लोहे का पाईप बरामद किया गया है।
  
लखीमपुर पुलिस ने कराया था समझौता 
जांच में पता चला है कि एक साल पहले भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। उस समय दोनों लखीमपुर खीरी में ही रहते थे। महिला ने पति के खिलाफ थाने में केस दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों की काउंसलिंग कराकर समझौता करा दिया। बाद में वे ग्रेटर नोएडा आकर रहने लगे। 

अन्य खबरें