Tricity Today Impact: लोकतंत्र सैनानी नेमचंद अटल की मिली पेंशन, धीरेन्द्र सिंह से मिलकर आभार जताया

Tricity Today | नेमचंद अटल को धीरेन्द्र सिंह मिठाई खिलाते हुए



भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya Janta Party) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (Rashtriya Swayam Sewak Sangh) के पुराने कार्यकर्ता लोकतंत्र सेनानी नेमचंद अटल को आखिरकार उनकी पेंशन मिल गई है. बुधवार को जिलाधिकारी सुहास एलवाई (Suhas LY IAS) ने उनकी पेंशन बहाली का आदेश पारित किया। उसके बाद अब तक की पेंशन का चेक उन्हें सौंपा है। लोकतंत्र सेनानी नेमचंद अटल ने जेवर से विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह (Dhirendra Singh MLA) से मुलाकात की और उन्हें आभार व्यक्त किया है। दरअसल, आपके अपने न्यूज़ पोर्टल ट्राईसिटी टुडे पर यह समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिस पर विधायक ने संज्ञान लेकर हस्तक्षेप किया। प्रकरण की जानकारी शासन को दी थी।

अक्टूबर, 2019 में कानूनी अड़चनों का हवाला देकर नेमचंद शर्मा की लोकतंत्र सेनानी पेंशन सम्मान राशि का भुगतान रोक दिया गया था। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय में तैनात संबंधित अधिकारी को शिकायत दी। आरोप है कि अफसर ने उनसे पेंशन बहाली के नाम पर रिश्वत की मांग की। उन्होंने रिश्वत देने से इनकार कर दिया। इससे नाराज अधिकारी ने अपने पद का फायदा उठाते हुए उनकी पेंशन रोक दी। अफसर ने उच्चाधिकारियों को भी गुमराह किया। यह शिकायत लेकर नेमचंद शर्मा गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ.महेश शर्मा से मिले थे। कोई कार्यवाही नहीं हुई। उन्होंने बताया कि नवंबर 2019 से अब तक वह लगातार डीएम ऑफिस का चक्कर काट रहे थे। 

इस प्रकरण पर ट्राईसिटी टुडे ने प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया। जिस पर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने संज्ञान लिया। नेमचंद शर्मा को पेंशन बहाली का आश्वासन दिया। विधायक ने इस पूरे प्रकरण की जानकारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रमुख सचिव को दी। शासन ने जिलाधिकारी को मामले का निस्तारण करने को कहा। अंततः बुधवार को जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने नेमचंद शर्मा की पेंशन बहाल कर दी है। उन्हें पेंशन का चेक भी सौंप दिया है। इसके बाद नेमचंद शर्मा धीरेन्द्र सिंह के रबूपुरा कार्यालय पहुंचे। उन्हें लड्डू खिलाकर आभार जाहिर किया।

धीरेंद्र सिंह ने कहा, "नेमचंद शर्मा "अटल" भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के बहुत पुराने कार्यकर्ता हैं। उनका कष्ट मेरे लिए व्यक्तिगत कष्ट है। मैंने उन्हें भरोसा दिलाया था कि हर हाल में उनकी पेंशन और सम्मान वापस दिलाया जाएगा। जिम्मेदार कर्मचारी के खिलाफ भी कार्यवाही करवाई जाएगी। नेमचंद शर्मा "अटल" को आज उनकी पेंशन मिल गई है। यह मेरे लिए बेहद खुशी की बात है।"

अन्य खबरें