श्रद्धांजलि : गौतमबुद्ध नगर के शिक्षाविद राजसिंह सिसोदिया का निधन, शिक्षकों में शोक की लहर

Tricity Today | राजसिंह सिसोदिया



गौतमबुद्ध नगर शिक्षा जगत के वरिष्ठ सदस्य उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा संघ के पूर्व जिला अध्यक्ष राजसिंह सिसोदिया का सोमवार की देर रात दादरी में उनके आवास पर निधन हो गया है। वह लंबे अरसे से किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे। सोमवार को ही उनका गाजियाबाद के अस्पताल में डायलिसिस करवाया गया था। बीती रात दुर्भाग्यपूर्ण परिस्थितियों में उनका निधन हो गया। राजसिंह सिसोदिया के निधन से जिले के शिक्षक समाज में शोक की लहर है।

राजसिंह सिसोदिया इंटर कॉलेज कलौंदा के पूर्व प्रधानाचार्य थे। वह माध्यमिक शिक्षक संघ के गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष रहे थे। उन्होंने दादरी और साठा चौरासी के इलाके में कई शिक्षण संस्थानों की स्थापना की है। उन्होंने दादरी में अंशु पब्लिक इंटर कॉलेज, अंशु गर्ल्स इंटर कॉलेज, एनटीपीसी इलाके में ठाकुर गंभीर सिंह इंटर कॉलेज और जारचा में आरएसएस ग्लोबल अकादमी की स्थापना की है। राजसिंह सिसोदिया लंबी बीमारी से जूझ रहे थे। 

जिले के शिक्षकों का कहना है कि राज सिंह सिसोदिया का जाना शिक्षा जगत में क्षति है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा संघ के जिला अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने जिले के शिक्षकों के लिए कई महत्वपूर्ण काम किए थे। शिक्षक अधिकारों के लिए सदैव तत्पर रहते थे। वह माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष ओम प्रकाश गौड़ और वरिष्ठ नेता हेम सिंह पुंडीर के बेहद करीबी रहे। राजसिंह सिसोदिया के छात्र उनका निधन होने की सूचना मिलने पर शोकाकुल है। बड़ी संख्या में सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

अन्य खबरें