यमुना अथॉरिटी से बड़ी खबर : लोकसभा चुनाव के बाद फिल्म सिटी प्रोजेक्ट पकड़ेगा रफ्तार, इस तारीख को बोनी कपूर करेंगे दस्तखत

Tricity Today | Boney Kapoor



Greater Noida News : यमुना एक्सप्रेसवे पर फिल्म सिटी विकसित करने की तैयारी और तेज हो गई है। यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (YEIDA) के दायरे में आने वाले रबूपुरा कसबे के पास एक विशाल फिल्म सिटी विकसित की जा रही है। बॉलीवुड के मशहूर फिल्मकार बोनी कपूर की कंपनी को इस फिल्म सिटी के विकास का लाइसेंस प्रदान किया गया है।

यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि बोनी कपूर की कंपनी और प्राधिकरण के बीच 14 जून को एक समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। लोकसभा चुनाव के बाद यह पहला बड़ा समझौता होगा।

डॉ. सिंह ने बताया कि फिल्म सिटी से होने वाली आमदनी का 18 प्रतिशत हिस्सा यीडा को मिलेगा। बोनी कपूर की कंपनी अगले 99 वर्षों तक इस फिल्म सिटी का संचालन करेगी और उसे सभी लाइसेंस जारी करने का अधिकार होगा। हालांकि, कंपनी जमीन की बिक्री नहीं कर सकेगी और जमीन यीडा  उपलब्ध कराएगा।

अरुणवीर सिंह ने आगे बताया कि कंपनी को 80 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी यीडा को देनी होगी। इस फिल्म सिटी के निर्माण से क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे और वहां की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। इस तरह यूपी के दिग्गज बॉलीवुड कलाकार बोनी कपूर अपने गृहराज्य में एक आधुनिक फिल्म सिटी स्थापित करने जा रहे हैं, जिससे पूरे प्रदेश की छवि निखरेगी।

7 जोन में बटेगी फिल्म सिटी
नोएडा एयरपोर्ट के पास सेक्टर-21 में इंटरनेशनल फिल्म सिटी को 7 जोन में बांटकर विकसित किया जाएगा। योगी आदित्यनाथ का यह ड्रीम प्रोजेक्ट 230 एकड़ में विकसित किया जाएगा और फिल्म सिटी में एक सिग्नेचर टॉवर होगा। हर जोन में बड़ी खासियत होगी। फिल्म सिटी का पहला चरण फिल्म निर्माता बोनी कपूर की बेव्यू प्रोजेक्ट्स और रियल एस्टेट कंपनी भूटानी ग्रुप विकसित करेगा। अपने प्रजेंटेशन में कंपनी ने बताया कि वह इसको 7 जोन में बांटकर विकास करेंगे।

अन्य खबरें