जेवर एयरपोर्ट के पास फिनटेक सिटी बसाई जाएगी : देश और दुनिया को 114 कंपनियां आएंगी, एक लाख पेशेवरों को मिलेगा काम

Tricity Today | Symbolic



Greater Noida News : जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Noida International Airport) के पास उत्तर प्रदेश की पहली फिनटेक सिटी बसायी जाएगी। इसके लिए यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (Yamuna Authority) ने डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने की जिम्मेदारी एक जानी-मानी कंपनी को सौंपी थी। कंपनी ने शुक्रवार को प्राधिकरण को सौंप दी है। यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉक्टर अरुणवीर सिंह ने बताया कि फिनटेक सिटी 3 चरणों में विकसित की जाएगी। इसका कुल क्षेत्रफल 800 एकड़ रहेगा।

पहले फेज में 124 भूखंडों का आवंटन होगा
डॉक्टर अरुणवीर सिंह ने बताया कि फिनटेक सिटी यमुना सिटी के सेक्टर-11 में विकसित की जाएगी। पहले इसके लिए सेक्टर-13 आरक्षित किया गया था, लेकिन सेक्टर-13 में 800 एकड़ जमीन उपलब्ध नहीं है। फिनटेक सिटी का पहला चरण वर्ष 2027 तक पूरा होगा। जिसमें 250 एकड़ जमीन पर विकास किया जाएगा। पहले फेज में 124 भूखंडों का आवंटन किया जाएगा।

तीन चरणों में ऐसे होगा विकास
सीईओ ने आगे बताया कि फिनटेक सिटी के लिए आवंटित 800 एकड़ जमीन के 51% हिस्से पर ग्रीनरी होगी। मतलब, इस जमीन पर कोई निर्माण नहीं किया जाएगा। बाकी 49% जमीन पर वाणिज्यिक गतिविधियों का संचालन होगा। फिनटेक सिटी का दूसरा चरण वर्ष 2030 और अंतिम तीसरा चरण 2034 तक पूरा किया जाएगा। फिनटेक सिटी यमुना सिटी के डाटा सेंटर के नजदीक विकसित होगी। डाटा सेंटर शहर के सेक्टर-28 में विकसित किया जा रहा है।

यह गतिविधियां संचालित होंगी
फिनटेक सिटी की डीपीआर के मुताबिक, यहां बैंकिंग, लैंडिंग, स्टॉक एक्सचेंज, इंटरनेशनल मनी ट्रांसफर, इंश्योरेंस ब्रोकिंग, इंश्योरेंस डेवलपमेंट, स्टॉक एक्सचेंज, शेयर ब्रोकिंग, इंटरनेशनल मनी ट्रांसफर, स्टेक होल्डिंग और कंज़्यूमर ट्रेडिंग से जुड़ी कम्पनियों को बुलाया जाएगा। इन कंपनियों में काम करने वालों के लिए आवासीय सुविधा फिनटेक सिटी में होंगी। फिनटेक सिटी में थ्री स्टार और फाइव स्टार होटल भी बनाए जाएंगे।

एक लाख अवसर पैदा करेगी फिनटेक सिटी
फिनटेक सिटी की खासियत यह है कि इसका सेक्टर-11 यमुना एक्सप्रेसवे और जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई-अड्डे को जोड़ने के लिए बनाए जा रहे लिंक एक्सप्रेसवे पर है। जिसकी वजह से यह बेहद प्राइम लोकेशन होगी। यमुना अथॉरिटी का मानना है कि फिनटेक सिटी के जरिए करीब 20,000 करोड़ रुपये का निवेश शहर को मिलेगा। यहां एक लाख से ज्यादा लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार पैदा होंगे।

अन्य खबरें