UP International Trade Show : यूपी पुलिस ने पहली बार लगाया स्टॉल, साइबर ठगी से बचने और स्मार्ट पुलिसिंग का प्रदर्शन

Tricity Today | यूपी पुलिस ने पहली बार लगाया स्टॉल



Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट सेंटर में चल रहे उत्तर प्रदेश ट्रेड शो में इस बार कुछ खास नजारा देखने को मिल रहा है। शो के अन्य स्टॉल्स के बीच उत्तर प्रदेश पुलिस ने भी अपना स्टॉल स्थापित किया है। जहां पुलिस की आधुनिक तकनीकों, उपकरणों और स्मार्ट पुलिसिंग के तरीकों का प्रदर्शन किया जा रहा है। पुलिस के इस स्टॉल में न केवल अत्याधुनिक हथियार और वाहन प्रदर्शित किए गए हैं। बल्कि लोगों को सुरक्षा के कई उपायों के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है।

आधुनिक हथियारों और वाहनों का प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश पुलिस के इस विशेष स्टॉल में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और एंटी-टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) द्वारा उपयोग किए जाने वाले आधुनिक उपकरणों और हथियारों की प्रदर्शनी की जा रही है। इसमें एसटीएफ और एटीएस के कमांडोज़ द्वारा प्रयोग में लाए जाने वाले अत्याधुनिक हथियार शामिल हैं। इन हथियारों और उपकरणों के बारे में पुलिस विशेषज्ञ वहां मौजूद दर्शकों को जानकारी दे रहे हैं।

पहली बार ट्रेड शो में पुलिस का स्टॉल
यूपी पुलिस ने पहली बार किसी मेले या ट्रेड शो में अपना स्टॉल लगाया है। इस पहल का उद्देश्य जनता को स्मार्ट पुलिसिंग के बारे में जागरूक करना और पुलिस की मदद कैसे ली जा सकती है, इस पर विस्तृत जानकारी देना है। स्टॉल पर मौजूद पुलिस अधिकारी साइबर ठगी से बचाव के तरीकों, पुलिस से सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया और अन्य सुरक्षा संबंधित मुद्दों पर लोगों को मार्गदर्शन दे रहे हैं। 

साइबर अपराध से बचने के उपाय
साइबर क्राइम की बढ़ती घटनाओं के मद्देनजर पुलिस ने अपने स्टॉल पर एक विशेष साइबर हेल्प डेस्क स्थापित की है। यहां साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों द्वारा लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचने के विभिन्न उपायों की जानकारी दी जा रही है। हेल्प डेस्क पर यह बताया जा रहा है कि कैसे अनजान कॉल्स से बचें, ऑनलाइन ट्रांजैक्शन करते समय किन बातों का ध्यान रखें और साइबर अपराध की शिकायत कैसे दर्ज कराई जा सकती है। 

डायल 112 की सेवाओं की जानकारी
स्मार्ट पुलिसिंग के अंतर्गत डायल 112 की सेवाओं को भी विस्तार से समझाया जा रहा है। सब इंस्पेक्टर आशुतोष श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि डायल 112 पर कॉल करने पर पुलिस की कैसे त्वरित सहायता मिलती है। इसके अंतर्गत, वरिष्ठ नागरिकों की सहायता के लिए विशेष योजनाएं चलाई जा रही हैं, जैसे कि सवेरा योजना, जिसमें पीआरवी की टीम सीनियर सिटीजन्स की सहायता के लिए तुरंत पहुंचती है। 

महिला असुरक्षित महसूस करे तो
इसके अलावा रात 10 बजे से सुबह 6 बजे के बीच अगर कोई महिला असुरक्षित महसूस कर रही है तो वह 112 पर कॉल कर सकती है। पुलिस उसे सुरक्षित उसके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था करेगी। व्यापारियों के लिए भी सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से डायल 112 की सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है।

अन्य खबरें