Greater Noida News : यमुना प्राधिकरण मथुरा और वृंदावन के पास रखेगा नए शहर की नींव रखेगा, जानिए क्या खूबियां होंगी

Google Image | Symbolic Image



Greater Noida News : यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) की बोर्ड बैठक में एक ऐतिहासिक निर्णय लिया गया, जिसमें मथुरा और वृंदावन के पास राया हेरिटेज सिटी बसाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। यह विशेष सिटी राया कट के पास चार गांवों की 700 हेक्टेयर भूमि पर बनाई जाएगी। इस परियोजना का उद्देश्य मथुरा और वृंदावन की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को संरक्षित करते हुए एक आधुनिक शहरी क्षेत्र का विकास करना है। गुरुवार को यह जानकारी यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉक्टर अरुणवीर सिंह ने दी है।

चार गांवों को किया गया शहरी क्षेत्र घोषित
इस परियोजना के तहत जिन चार गांवों को शहरी क्षेत्र (अर्बन एरिया) घोषित किया गया है, वे पहले ग्रामीण क्षेत्र के अंतर्गत आते थे। अब इन गांवों को शहरी क्षेत्र का दर्जा देकर राया हेरिटेज सिटी की नींव रखी जा रही है, जहां न केवल स्थानीय लोगों को रोजगार और विकास के अवसर मिलेंगे, बल्कि धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। 

पीपीपी मॉडल पर होगी सिटी की योजना
राया हेरिटेज सिटी को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल पर विकसित किया जाएगा। यमुना प्राधिकरण ने इस योजना को तैयार करते हुए इसका प्रस्ताव शासन को मंजूरी के लिए भेज दिया है। सरकार से मंजूरी मिलने के बाद ज़मीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिसके तहत इन चार गांवों की 700 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। इसके बाद हेरिटेज सिटी के निर्माण पर काम शुरू किया जाएगा।

धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र
राया हेरिटेज सिटी का मुख्य उद्देश्य मथुरा और वृंदावन के पास एक ऐसा क्षेत्र विकसित करना है, जो भारत की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को संजोए और विश्वभर के पर्यटकों को आकर्षित करे। यह सिटी देश की पहली हेरिटेज सिटी होगी, जो ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षित करने के साथ-साथ आधुनिक शहरी सुविधाओं को भी समाहित करेगी। 

पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
हेरिटेज सिटी का विकास होने से न केवल मथुरा और वृंदावन के धार्मिक स्थलों की महत्ता बढ़ेगी, बल्कि यहां आने वाले पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं और आवासीय व्यवस्थाएं मिलेंगी। इससे क्षेत्रीय पर्यटन में बढ़ोतरी की उम्मीद है, जो स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा। इसके अलावा, इस परियोजना के तहत धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष योजनाएं बनाई जा रही हैं।

जल्द शुरू होगा भूमि अधिग्रहण
यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि शासन से मंजूरी मिलने के बाद ज़मीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेजी से शुरू की जाएगी। इसके बाद, राया हेरिटेज सिटी का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। यह परियोजना धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों के लिए भी एक प्रमुख विकास का केंद्र बनेगी, जहां रोजगार, शिक्षा, और व्यापार के नए अवसर उत्पन्न होंगे।

क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई दिशा 
कुल मिलाकर राया हेरिटेज सिटी मथुरा और वृंदावन की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस सिटी के निर्माण से क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी और यह देश की पहली हेरिटेज सिटी के रूप में एक नया इतिहास रचेगी। यमुना प्राधिकरण द्वारा इस परियोजना को मंजूरी देने के बाद अब शासन से अंतिम मंजूरी की प्रतीक्षा है, जिसके बाद इस ऐतिहासिक परियोजना पर काम शुरू हो जाएगा। 

अन्य खबरें