हरियाणा विधानसभा चुनाव : गुरुग्राम और फरीदाबाद में उतरे डॉ.महेश शर्मा, भाजपा प्रत्याशियों के लिए मांगे वोट

Google Image | प्रचार करते डॉ.महेश शर्मा



Gurugram news : हरियाणा में विधानसभा चुनाव प्रचार अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। यहां 5 अक्टूबर को मतदान और 8 अक्टूबर को मतगणना होगी। गुरुग्राम विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी मुकेश शर्मा के समर्थन में गौतमबुद्ध नगर के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने रविवार को घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर लोगों से भारी संख्या में मतदान करने की अपील की। डॉ. महेश शर्मा ने क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर भाजपा प्रत्याशी को भारी बहुमत से जीत दिलाने का आग्रह किया।

हरियाणा में फिर से खिलेगा कमल 
सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि यदि भाजपा की सरकार बनी तो यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करेगा। उन्होंने हरियाणा में भाजपा द्वारा किए गए चहुंमुखी विकास के कार्यों की चर्चा की और कहा कि यह विकास आगे भी जारी रहेगा। गुरुग्राम में प्रचार के दौरान उन्होने सरपंच शक्करपुर गांव, किसन नंबरदार कन्हाई गांव और अन्य क्षेत्रों में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। उनके साथ बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

फरीदाबाद में भाजपा प्रत्याशी विपुल गोयल के लिए किया जनसंपर्क 
इससे पहले डॉ. महेश शर्मा ने फरीदाबाद में भाजपा प्रत्याशी विपुल गोयल के लिए भी जनसंपर्क किया। पुरानी अनाज मंडी में स्थानीय निवासियों से संवाद करते हुए उन्होंने मतदान की अपील की। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र सेक्टर-10 में पार्टी कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के साथ बातचीत करते हुए कहा कि जनसमर्थन से हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी, जो प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को और मजबूत करेगी।

अन्य खबरें