गुरुग्राम में रामलीला की जोरदार तैयारी : फिल्म स्टार राजकुमार राव के भाई निभाएंगे नारद, कैकेयी और सुलोचना के किरदार

Google Image | फिल्म स्टार राजकुमार राव



Gurugram News : बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव के भाई अमित यादव रामलीला में अपनी भूमिकाओं के लिए जाने जाते हैं। आगामी दो अक्तूबर को बाबा सिद्धेश्वर रामलीला कमेटी द्वारा आयोजित रामलीला में उनकी भूमिकाएं शुरू होंगी। इस साल पहले दिन वे नारद मोह के रूप में मंच पर नजर आएंगे। अमित यादव ने पिछले 16 वर्षों से रामलीला में विविध पात्र निभाए हैं। जिसमें माता कैकेयी, सबरी, और मेघनाद की पत्नी सुलोचना सती जैसी महत्वपूर्ण भूमिकाएं शामिल हैं। उनकी पत्नी उन्हें इन स्त्री पात्रों की तैयारियों में मदद करती हैं। 

बनवारी लाल सैनी का नाम दर्ज है लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड में 
रामलीला कमेटी में इस साल भी भूतेश्वर मंदिर के पुजारी पद्म शर्मा परशुराम हनुमान की भूमिका में दिखेंगे। पद्म शर्मा पिछले 10 वर्षों से इन पात्रों को जीवंत करते आ रहे हैं और उन्होंने 2021 में राजकुमार राव और पत्रलेखा की शादी भी कराई थी। शहर की रामलीलाओं में कई अनोखे किस्से भी जुड़े हैं। उदाहरण के लिए श्रीदुर्गा रामलीला कमेटी में रावण का किरदार निभाने वाले बनवारी लाल सैनी का नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज है, क्योंकि वे सबसे ज्यादा बार रावण का किरदार निभा चुके हैं।

77 वर्षो से हो रहा है गीता भवन में रामलीला मंचन 
न्यू कॉलोनी स्थित गीता भवन की रामलीला में महिला पात्रों की भूमिकाएं अब पूरी तरह से महिलाओं द्वारा निभाई जाती हैं, जो पिछले दो दशकों से चली आ रही है। इस रामलीला का आयोजन 77 वर्षो से हो रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत एक अक्तूबर को माता की चौकी के साथ होगी, जिसमें मुनीश खुल्लर परशुराम की भूमिका निभाएंगे। इस तरह गुरुग्राम की रामलीला न केवल धार्मिक भावना को जीवित रखती है, बल्कि सांस्कृतिक धरोहर को भी आगे बढ़ाती है।

अन्य खबरें