हरियाणा विधानसभा चुनाव : मुकेश शर्मा को टिकट मिलते ही गुरुग्राम में 50 से अधिक भाजपा नेताओं ने छोड़ी पार्टी, जानिए क्यों हुआ घमासान

Tricity Today | भाजपा



Gurugram News : हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की पहली सूची जारी होने के बाद इस्तीफों का दौर शुरू हो गया है। इस बीच भाजपा ने गुरुग्राम विधानसभा सीट के लिए भी प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। भाजपा ने यहां से मुकेश शर्मा को टिकट दिया है। भाजपा की सूची जारी होने के बाद गुरुग्राम विधानसभा सीट से टिकट की आस लगाए बैठे व्यापार मंडल के प्रदेश संयोजक नवीन गोयल को झटका लगा और उन्होंने पार्टी के 50 से अधिक पदाधिकारियों के साथ प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।

निर्दलीय लड़ेंगे नवीन गोयल
इस्तीफे के साथ ही नवीन गोयल ने बगावत का ऐलान करते हुए निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ने का भी ऐलान कर दिया है। भाजपा ने बुधवार को हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए 67 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी। सूची जारी होने के बाद से ही हरियाणा भाजपा में हलचल मची हुई है। गुरूवार को गुरुग्राम से पचास नेताओं के अलावा हरियाणा सरकार के मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने भी मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा टिकट काटे जाने के कारण उन्होंने मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया है। आपको बता दें कि शुक्रवार को जारी सूची में भाजपा ने 9 विधायकों के टिकट काटे हैं।

किसको कहां से मिला टिकट?
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी राज्य की लाडवा सीट से चुनाव लड़ेंगे। उनके अलावा हरियाणा सरकार के मंत्री अनिल विज को अंबाला कैंट से मैदान में उतारा गया है। ज्ञान चंद गुप्ता को पंचकूला और कंवर पाल गुर्जर को जगाधरी से टिकट मिला है।

अन्य खबरें