हापुड़ से परेशान करने वाली खबर : लोकसभा चुनाव के लिए 10 रोडवेज बसों को लिया गया, यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी

हापुड़ | 1 महीना पहले | Shahrukh Khan

Google Image | Symbolic Image



Hapur News : लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर प्रशासन के द्वारा तैयारियां की जा रही है। वहीं, चुनाव को लेकर बसों के अधिग्रहण का कार्य किया जा रहा है। हापुड़ डिपो के पास वर्तमान में 112 बस हैं। इसके तहत करीब 10 दिन पूर्व 4 बसों का अधिग्रहण किया गया था। इसके बाद 6 और बसों की मांग हापुड़ डिपो से की गई थी, जिसके बाद बसों को रवाना कर दिया गया है। 10 बसों के चले जाने पर 102 बस ही बची हैं जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 

10 बसों का किया अधिग्रहण
दरअसल, हापुड़ डिपो से अभी तक लोकसभा चुनावों के लिए 10 बसों को प्रशासन ने चुनाव के लिए अधिग्रहण किया है। इन बसों के माध्यम से पुलिस फोर्स एवं कर्मचारियों को विभिन्न स्थानों के लिए भेजा गया है। डिपो से करीब 10 दिन पहले हल्द्वानी, लखनऊ और बंदायू को चलने वाली बसों को प्रशासन ने अधिग्रहण कर लिया था। इसके बाद अब 6 और बसों को प्रशासन के सुपुर्द कर दिया गया है। 

यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी 
वहीं, चुनाव के दौरान बसों के अधिग्रहण के डर से अधिकांश प्राइवेट बस संचालक भी अपनी बसों का संचालन बंद कर देते हैं। इस तरह रोडवेज बसों के चुनाव डयूटी में जाने व प्राइवेट बसों का संचालन कम होने से यात्रियों के सामने आवागमन की परेशानी बढ़ने की पूर्ण संभावना है। इसके अतिरिक्त अभी और बसों के अधिग्रहण होने की स्थिति में यह समस्या और बढ़ सकती है। एक बस में 50 से 60 यात्री होते हैं। 

क्या बोले अधिकारी
हापुड़ डिपो के एआरएम रणजीत सिंह ने बताया कि अभी तक 10 बस चुनाव डयूटी में जा चुकी है। मांग के अनुरूप अन्य बसों की भी व्यवस्था की जाएगी। प्रयास किया जाएगा यत्रियों को किसी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े।

अन्य खबरें