Greater Noida: मामा के घर संदूक में मिला 2 साल के बच्चे का शव, इन सवालों का जवाब तलाश रही है पुलिस

Tricity Today | भव्यांश



ग्रेटर नोएडा में सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में स्थित खेड़ी भनौता गांव से बड़ी घटना सामने आ रही है। यहां एक संदूक के अंदर 2 साल के बच्चे का शव मिला है। बच्चा मंगलवार की शाम से लापता था। अचानक मामा के घर में रखे संदूक में बच्चे का शव मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में ले लिया है। 

पुलिस को दी गई शिकायत में खेड़ी भनौता गांव के रहने वाले सेवाराम ने कहा है कि उनकी बेटी सपना 7 दिन पहले मायके आई थी। मंगलवार की शाम को सपना का बेटा भव्यांश घर के सामने खेल रहा था। अचानक खेलते-खेलते वह स्वजन की नजरों से ओझल हो गया था। परिजनों ने उसकी आसपास के घरों में तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। बुधवार की सुबह भव्यांश का शव उसके मामा के घर में रखे संदूक के अंदर मिला है। 

डीसीपी सेंट्रल नोएडा हरीश चंदर ने बताया कि हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि गायब बच्चा संदूक तक कैसे पहुंचा। अगर बच्चा खुद से संदूक में घुसा तो परिजनों को उसकी जानकारी कैसे नहीं हुई। तीन साल का बच्चा क्या रोया तक नहीं। अगर किसी ने उसकी हत्या कर दी तो वह संदूक तक शव को लेकर कैसे पहुंचा। अगर बच्चे का मर्डर घर में हुआ तो परिजनों को उसकी जानकारी क्यों नहीं हुई। पुलिस ने मामले में किसी करीबी पर हत्या की आशंका जाहिर की है।
 

अन्य खबरें