Greater Noida: पता पूछने के बहाने लूटपाट करने वाला गैंग गिरफ्तार

Noida Police | पता पूछने के बहाने लूटपाट करने वाला गैंग गिरफ्तार



ग्रेटर नोएडा की बीटा दो कोतवाली पुलिस ने दो इनामी शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके खिलाफ 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पकड़े गए बदमाश राहगीरों को रास्ते में पता पूछने के बहाने रोकते थे। उसके बाद हथियार के बल पर लूटपाट की वारदात को अंजाम देते थे। इनके खिलाफ नोएडा और ग्रेटर नोएडा के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।

डीसीपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों की पहचान धर्मवीर निवासी पंचवटी कॉलोनी दादरी और विजय चौधरी निवासी चंदौस अलीगढ़ के रूप में हुई है। दोनों बदमाशों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। डीसीपी ने बताया कि दोनों शातिर किस्म के लुटेरे हैं। ये बदमाश राहगीरों को रास्ते में रोककर उनसे लूटपाट की वारदात करते थे। धर्मवीर के खिलाफ नोएडा और ग्रेटर नोएडा के विभिन्न थानों में लूट और चोरी के 6 मुकदमे दर्ज हैं।

दूसरे लुटेरे विजय चौधरी के खिलाफ सात मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने इन लोगों से पूछताछ की है। जिसमें उनके गैंग के दूसरे सदस्यों के बारे में भी पुलिस को जानकारी मिली है। आने वाले दिनों में पुलिस गैंग के और सदस्यों को भी गिरफ्तार कर सकती है।

अन्य खबरें