नोएडा में अवैध खनन को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग, 3 लोग घायल

नोएडा | 4 साल पहले | Mayank Tawer

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो



नोएडा में यमुना एक्सप्रेस वे थाना क्षेत्र में हरियाणा की ओर यमुना पार इलाके में बालू खनन को लेकर मंगलवार की रात एक पक्ष के लोगों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी की है। तलवार से भी हमला किया गया है। इस घटना में दो लोगों को गोली लगी हैं। एक व्यक्ति तलवार लगने से घायल हो गया है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। इस मामले में एक्सप्रेस-वे थाने की पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर रही है। 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार याकूतपुर गांव के निवासी मोनू का हरियाणा की ओर यमुना पार इलाके में खेत है। उनके खेत से दलेलपुर गांव के रहने वाले कुछ लोग मंगलवार की शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली से बालू का खनन कर रहे थे। जानकारी मिलने पर मोनू और उसके परिजन मौके पर पहुंच गए। इन लोगों ने बालू खनन करने का विरोध किया। आरोप है कि इस पर दलेलपुर गांव के लोग वहां से चले गए। 

पुलिस से की गई शिकायत के मुताबिक कुछ देर बाद दो गाड़ियों में सवार होकर 10 लोग मौके पर पहुंचे। आरोप है कि दलेलपुर के ग्रामीणों ने हवाई फायरिंग की। तलवार से हमला कर दिया। इस घटना में याकूतपुर गांव के निवासी मोनू के पिता संत सिंह को सिर में तलवार लगी है। मोनू के भाई सोनू और रविन्द्र को गोली मेरी गई है। तीनों घायलों को नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में मुनि की तहरीर पर सतवीर समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।

अन्य खबरें