नोएडा : नौ इंडस्ट्रियल प्लॉट की हुई नीलामी, अथॉरिटी को मिले 175 करोड़, शहर में 740 करोड़ का निवेश होगा

नोएडा | 1 साल पहले | Nitin Parashar

Tricity Today | Ritu Maheshwari | File Photo



Noida News : नोएडा अथॉरिटी ने औद्योगिक भूखंडों की आवंटन योजना घोषित की थी। जिसके लिए शुक्रवार को ऑनलाइन नीलामी की गई है। इस नीलामी के जरिए 9 भूखंडों का आवंटन किया गया है। इनमें एक भूखंड का क्षेत्रफल 4000 वर्ग मीटर है और 8 भूखंड इससे बड़े हैं। इस ऑनलाइन नीलामी के जरिए प्राधिकरण ने 88,030.17 वर्ग मीटर औद्योगिक भूमि का आवंटन किया है। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ऋतु महेश्वरी ने बताया है कि आरक्षित मूल्य के मुकाबले अथॉरिटी को 4.62 करोड़ रुपए ज्यादा मिले हैं।

ऋतु महेश्वरी ने बताया कि ऑक्शन के जरिए 9 भूखंडों का आवंटन किया गया है। इनका आरक्षित मूल्य 177.67 करोड़ रुपए था। बोली में 175.29 करोड़ रुपए की प्राप्ति हुई है। इस तरह प्राधिकरण को निर्धारित मूल्य से 4.62 करोड़ रुपए ज्यादा मिले हैं। सीईओ ने कहा, "इन 9 भूखंडों पर औद्योगिक इकाइयों की स्थापना होगी। जिससे शहर को 740 करोड़ रुपए का निवेश मिलेगा और 4,350 नए रोजगार सृजित होंगे। ऑनलाइन नीलामी के जरिए प्लॉट हासिल करने वाली कंपनियां जगदंबा ऑप्टिक्स प्राइवेट लिमिटेड, साहू एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड, कंप्लीट सर्वेइंग टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड और टेलीकम्युनिकेशंस कंसल्टेंट्स इंडिया लिमिटेड शामिल हैं।"

ऋतु महेश्वरी ने आगे बताया, "इस बार नीलामी की खास बात यह रही कि पूरी प्रक्रिया पूरी सफल रही है। गलत बोली नहीं लगाई गई हैं। 10 फरवरी से लखनऊ में आयोजित होने वाली 'उत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट' के दौरान इन 9 कंपनियों के साथ एमओयू साइन किए जाएंगे।

अन्य खबरें