अच्छी खबर: भंगेल स्वास्थ्य केंद्र का कायाकल्प होगा, भाजपा महानगर अध्यक्ष और प्राधिकरण उठाएंगे खर्च

नोएडा | 3 साल पहले | Rakesh Tyagi

Tricity Today | स्वास्थ्य केंद्र का मुआयना करते नेता और अफसर



नोएडा के भंगेल में स्थित सरकारी स्वास्थ्य केंद्र का कायाकल्प होगा। भारतीय जनता पार्टी के नोएडा महानगर के अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने इस अस्पताल को गोद लिया है। वह अब इसमें सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे। इसके अलावा वहां विकास कार्य कराए जाएंगे। भाजपा नेता और प्राधिकरण के वर्क सर्किल 8 के अफसर मुकेश वैश्य, हॉर्टिकल्चर के डिप्टी डायरेक्टर राजेंद्र गुप्ता और अन्य अफसरों ने अस्पताल का मुआयना किया। 

कोरोना वायरस की दूसरी लहर में नोएडा से भारतीय जनता पार्टी के विधायक पंकज सिंह ने इस अस्पताल में अत्याधुनिक सुविधाएं मुहैया कराई थी। दरअसल भारतीय जनता पार्टी नोएडा के पदाधिकारी जनपद के सरकारी अस्पतालों को गोद लेकर उनका कायाकल्प कराएंगे। इन अस्पतालों में स्वास्थ्य व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए संगठन से सभी जनप्रतिनिधियों से इनको गोद लेने को कहा है। 


इसी कड़ी में सरकारी चिकित्सालय भंगेल को नोएडा भाजपा अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने गोद लिया। इसे बेहतर बनाने के लिए आज उसका निरीक्षण किया। इस मौके पर अथॉरिटी से सर्कल 8 के PE मुकेश वैश्य, हॉर्टिकल्चर के उपनिदेशक राजेंद्र गुप्ता के साथ अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान अस्पताल में सफ़ाई, बाउंड्री वॉल को ठीक करना, पार्क को डिवलप करना, कमरों में पंखे की व्यवस्था, पानी के लिए वॉटर कूलर एवं ऑक्सिजन प्लांट लगाने जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। 

सभी कार्य को शुरू करने के लिए अथॉरिटी की तरफ़ से भी हर सम्भव मदद का आश्वासन मिला। इस मौके पर मनोज गुप्ता ने अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी यतेंद्र सिंह से बात की। अस्पताल के आधुनिकीकरण में उन्हें हर सम्भव मदद करने का आश्वासन दिया। इस मौक़े पर महामंत्री उमेश त्यागी, मीडिया प्रभारी तन्मय शंकर, रजत शर्मा एवं भंगेल गांव के लोग मौजूद रहे।

अन्य खबरें