UPSC Result : नोएडा की बेटी स्मृति मिश्रा चौथे रैंकिंग के साथ आईएएस बनीं, पिता यूपी पुलिस में हैं डीएसपी

नोएडा | 11 महीना पहले | Mayank Tawer

Tricity Today | स्मृति मिश्रा



Noida News : नोएडा में रहने वाली स्मृति मिश्रा ने आईएएस की परीक्षा में देशभर में चौथी रैंकिंग हासिल की है। वह फिलहाल नोएडा के सेक्टर-41 में अपने परिवार के साथ रहती हैं और दिल्ली में पढ़ाई करती हैं। स्मृति मिश्रा के पिता बरेली में सीओ (डीएसपी) के पद पर कार्यरत हैं। रिजल्ट घोषित होने के बाद उन्होंने सबसे पहले अपने पिता को कॉल किया। उस समय स्मृति मिश्रा के पिता राजकुमार मिश्रा बरेली एसएसपी ऑफिस में थे। स्मृति मिश्रा ने कॉल करके कहा, "पापा रिजल्ट आया है और मैं आईएएस बन गई हूं। देश में चौथा स्थान हासिल किया है।" यह खबर सुनने के बाद राजकुमार मिश्रा ने बरेली एसएसपी ऑफिस में मिठाई बांटी।

प्रयागराज की रहने वाली हैं स्मृति मिश्रा
स्मृति मिश्रा मूलरूप से प्रयागराज में स्थित भारद्वाजपुरम की रहने वाली हैं। स्मृति के पिता राजकुमार मिश्रा बरेली से फरीदपुर और मीरगंज के सीईओ रह चुके हैं। वह 1989 से उत्तर प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर भर्ती हुए हैं। उसके बाद 2013 में इंस्पेक्टर और 2021 में सीओ बन गए। स्मृति का परिवार इस समय नोएडा में रह रहा है।

तीसरी बार में बनी आईएएस
स्मृति मिश्रा इस समय दिल्ली से लॉ की पढ़ाई कर रही हैं। उनकी 12वीं तक की पढ़ाई आगरा से हुई। उन्हें तीसरे प्रयास में सफलता मिली है। स्मृति मिश्रा अपनी मां अनीता मिश्रा के साथ रहती हैं। स्मृति मिश्रा के भाई लोकेश मिश्रा सुप्रीम कोर्ट में वकील हैं।

कुल 933 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए
संघ लोक सेवा आयोग ने मंगलवार की दोपहर बाद भारतीय प्रशासनिक सेवा परीक्षा का परिणाम घोषित किया है। जिसके तहत भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय विदेश सेवा, भारतीय पुलिस सेवा और केंद्रीय सेवाओं के ग्रुप ए और ग्रुप B के लिए परिणाम घोषित किए गए हैं। कुल 933 अभ्यार्थियों को सफल घोषित किया गया है। इनमें 345 अभ्यर्थी सामान्य वर्ग के हैं। रिजल्ट के मुताबिक 99 अभ्यर्थी इकोनॉमिक वीकर्स सेक्शन से हैं। अन्य पिछड़ा वर्ग के 263, अनुसूचित जातियों के 154, अनुसूचित जनजातियों के 72 युवक और युवतियां सफल घोषित किए गए हैं। लोक सेवा आयोग ने 178 अभ्यर्थियों को वेटिंग लिस्ट में रखा है।

योगी आदित्यनाथ ने सभी अभ्यर्थियों को बधाई दी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए ट्वीट किया है। योगी आदित्यनाथ ने लिखा है, "UPSC की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा-2022 में सफल सभी अभ्यर्थियों को बहुत-बहुत बधाई! पूर्ण विश्वास है कि आप सभी 'Nation First' की भावना, अटूट कर्तव्यनिष्ठा व पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ 'आत्मनिर्भर भारत' के निर्माण में अपना अमूल्य योगदान देंगे। आप सभी के उज्ज्वल भविष्य हेतु अनंत मंगलकामनाएं।"

सिलेक्ट किए गए टॉप 10 उम्मीदवारों की लिस्ट
1. इशिता किशोर
2. गरिमा लोहिया
3. उमा हरति एन
4. स्मृति मिश्रा
5. मयूर हजारिका
6. गहना नव्या जेम्स
7. वसीम अहमद
8. अनिरुद्ध यादव
9. कनिका गोयल
10. राहुल श्रीवास्तव
1. इशिता किशोर
2. गरिमा लोहिया
3. उमा हरति एन
4. स्मृति मिश्रा
5. मयूर हजारिका
6. गहना नव्या जेम्स
7. वसीम अहमद
8. अनिरुद्ध यादव
9. कनिका गोयल
10. राहुल श्रीवास्तव

अन्य खबरें