चंद घंटों की बारिश में नोएडा 'पानी-पानी' : दुश्वारियों के बीच खुशनुमा अहसास भी

नोएडा | 10 महीना पहले | Rakesh Tyagi

Tricity Today | चंद घंटों की बारिश में नोएडा पानी - पानी



Noida News : चंद घंटे की बारिश में ही अपना हाईटेक शहर 'पानी-पानी' हो गया। शहर के अधिकतर इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए। कई इलाकों में तो घुटने तक पानी जमा हो गया। इससे मुख्य मार्गों पर जाम लग गया। लोगों को दफ्तर जाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि इस बारिश से चिपचिपी गर्मी से राहत भी मिली।

बीते 10 दिनों से शहर के लोग उमस भरी गर्मी से बेकल थे। पंखे, कूलर सब फेल हो गए थे। तेज धूप और उस पर पुरवइया हवाओं ने मौसम के मिजाज को और तल्ख कर दिया था। हर किसी की मुराद यही थी कि बारिश हो जाए तो कुछ सुकून मिले। आखिर, बुधवार की सुबह दिन निकलने से कुछ ही पहले काली घटाओं ने नोएडा के आसमान को घेर लिया। बादल बरसने को बेताब दिखे और चंद लमहों के बाद ही बारिश ने कंकरीट के इस जंगल को सराबोर कर दिया।

 
इस बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत तो मिली। लेकिन, दुश्वारियों ने मुश्किलें भी बढ़ा दीं। जगह—जगह जलभरव हो गया। इससे शहर के लगभग सभी प्रमुख मार्गों पर यातायात लगभग थम सा गया। वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। शहर के कई अंडरपास में तो इतना पानी भर गया कि उसे पार करना ही असंभव हो गया। जाम के कारण लोगों को दफ्तर पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि प्रशासन ने भारी बारिश के अलर्ट के बाद स्कूलों की छुट्टी करने के निर्देश दिए थे, लेकिन स्कूल प्रशासन और पैरेंट्स तक समय से सूचना नहीं पहुंचने से उन्हें भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

राहत और दुश्वारियों के बीच इस बारिश से एक खुशनुमा अहसास भी हुआ। बारिश की बूंदों में नहाकर पेड़ पौधे खुशी से झूम उठे। तेज धूप की तपिश से उन्हें इतनी राहत मिली कि पेड़ पौधों का रंग सूर्ख हरा हो गया। सड़क किनारे लगे पेड़ों, घरों की छतों और बॉलकनी में रखे गमलों में लगे पौधे भी इठला उठे। चारो ओर हरियाली ने जैसे शहर को अपना बसेरा बना लिया हो।

अन्य खबरें