BREAKING : लखीमपुर खीरी में इस राज्य के लोगों के प्रवेश पर लगी रोक, आईपीएस अजयपाल शर्मा को मिली बड़ी जिम्मेदारी

Google Image | आईपीएस अजयपाल शर्मा



Lakhimpuri News : उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में प्रदर्शनकारी किसानों और भारतीय जनता पार्टी समर्थकों के बीच शुरू हुआ विवाद गहराता चला जा रहा है। विपक्षी दल इसे राजनीतिक अवसर बनाकर भाजपा को घेरने में जुटे हुए हैं। जबकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन को नाकों चने चबाने पड़ रहे हैं। अब उत्तर प्रदेश शासन के सचिव तरुण गाबा ने पंजाब शासन के मुख्य सचिव शासन और प्रमुख सचिव गृह विभाग को एक पत्र लिखा है। इसमें कहा गया है कि किसी भी हाल में पंजाब के लोगों को लखीमपुर खीरी ना आने दिया जाए। कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह बेहद जरूरी है।

अपने पत्र में सचिव उत्तर प्रदेश शासन ने लिखा है कि 3 अक्टूबर को प्रदेश के जिला लखीमपुर खीरी में एक बड़ी घटना हुई थी। कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी ने जनपद में धारा 144 के अंतर्गत निषेधाज्ञा लागू की है। जिले में शांति बनाए रखने के लिए यह बेहद अहम है। इस संबंध में आपसे अनुरोध है कि पंजाब राज्य के किसी भी व्यक्ति को उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में आने की अनुमति प्रदान ना की जाए। मौजूदा हालातों में यह शांति-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी है।

एक पत्रकार समेत 9 लोगों की मौत
बताते चलें कि रविवार को लखीमपुर खीरी में संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसान एयरपोर्ट और कुछ मार्गों पर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा और उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का भी लखीमपुर में लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम के तहत दौरा था। आरोप है कि केंद्रीय राज्य मंत्री के बेटे ने प्रदर्नकारी किसानों पर गाड़ी चढ़ा दी। जिससे 2 किसानों की मौत हो गई। इसके बाद उग्र किसानों ने भारतीय जनता पार्टी के 3 समर्थकों समेत गाड़ी चालक की हत्या कर दी। इस दौरान गोलीबारी भी हुई। इस घटनाक्रम में अब तक पत्रकार रमन कश्यप समेत 9 लोगों के मौत की जानकारी मिली है।

अजयपाल शर्मा को तैनात किया
लखीमपुर खीरी में शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शासन ने तेजतर्रार आईपीएस अजय पाल शर्मा को वहां भेजा है। उन्हें तत्काल कार्यभार संभालने का आदेश दिया गया है। वह फिलहाल यूपी 112 में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे। अजय पाल शर्मा मूल रूप से पंजाब के रहने वाले हैं। लखीमपुर खीरी के बवाल में सिखों और ब्राह्मणों के बीच विवाद की बातें भी आ रही हैं। इस लिहाज से शर्मा की नियुक्ति प्रभावी होगी। रविवार को प्रदेश के आईजी लॉ एंड ऑर्डर राजेश मोदक ने कहा कि आईपीएस अजय पाल शर्मा को तत्काल लखीमपुर खीरी में ज्वाइन करने का आदेश दिया गया है। वह जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भेजे गए हैं। अग्रिम आदेश तक उन्हें लखीमपुर खीरी में ही ड्यूटी करनी है।

अन्य खबरें