गौतमबुद्ध नगर में कमान संभाल चुकीं 2 महिला अफसरों के कंधों पर बहराइच हिंसा में शांति की जिम्मेदारी : जानिए कौन हैं IPS वृंदा शुक्ला और IAS मोनिका रानी

Google Photo | IAS मोनिका रानी और IPS वृंदा शुक्ला



Bahraich News : बहराइच जिले के महसी महराजगंज में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुई हिंसा के बाद प्रशासनिक तैनाती कड़ी कर दी गई है। इस विवाद में मारे गए रामगोपाल का परिवार ने प्रशासनिक हस्तक्षेप और आश्वासन के बाद अंतिम संस्कार किया। वहीं मंगलवार को सीएम योगी पीड़ित परिवार से लखनऊ में मुलाकात करेंगे। इस दौरान, जिले में फैली हिंसा के बीच सीएम ने जिलाधिकारी मोनिका रानी और वृंदा शुक्ला को हालात काबू में करने के लिए सख्त निर्देश दिए।

हालात पर काबू करने की कोशिश करती आई नजर
दरअसल, जिले में हिंसा भड़कने के बाद, बहराइच की डीएम मोनिका रानी खुद एसपी वृंदा शुक्ला के साथ सड़क पर दिखाई दी।  इन दोनों महिला अफसरों ने बहादुरी दिखाई और हिंसा की चपेट में आए इलाकों में जाकर हालात पर नियंत्रण करने की कवायद करती रहीं। उन्होंने न सिर्फ स्थिति को संभालने की कोशिश की बल्कि हालात सुधारने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।

कौन हैं बहराइच की डीएम मोनिका रानी?
मोनिका रानी 2011 बैच की एक IAS अधिकारी हैं, जिन्होंने 2010 में UPSC सिविल सेवा परीक्षा में आल इंडिया 70वीं रैंक हासिल की। उन्होंने केवल 29 वर्ष की आयु में यह सफलता प्राप्त की और गुरुग्राम, हरियाणा से ताल्लुक रखती हैं। बचपन से ही IAS बनने का सपना देखने वाली मोनिका ने 2005 में शादी की और एक बच्चे की मां भी बनी। इस दौरान, उन्होंने दिल्ली के सरकारी स्कूल में शिक्षक के रूप में काम किया, लेकिन पढ़ाई को जारी रखा और अपने लक्ष्य को हासिल किया।

इन क्षेत्रों में दे चुकी हैं सेवाएं
मोनिका रानी ने बीकॉम और एमए इकोनॉमिक्स की डिग्री प्राप्त की है। बहराइच में जिला मजिस्ट्रेट के रूप में नियुक्ति से पहले, उन्होंने गौतम बुद्ध नगर में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में कार्य किया था। इसके अलावा, उन्होंने लखनऊ, गाजियाबाद, चित्रकूट और सहारनपुर जैसे जिलों में भी अपनी सेवाएं दी हैं, जहां उन्होंने प्रशासनिक अनुभव प्राप्त किया। बता दें कि डिलाधिकारी मोनिका रानी के नेतृत्‍व में बहराइच में ऑपरेशन भेड़िया भी चलाया गया। 

हरियाणा की रहने वाली हैं एसपी वृंदा शुक्ला
बहराइच की एसपी वृंदा शुक्ला पंचकूला, हरियाणा की निवासी हैं और 2014 बैच की IPS अधिकारी हैं। उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में UPSC सिविल सेवा परीक्षा पास की और शुरुआत में उनकी नागालैंड कैडर में नियुक्त हुईं। हालांकि, 2022 में उन्होंने अपना कैडर बदलकर उत्तर प्रदेश के लिए कार्य करना शुरू किया। उनके पति अंकुर अग्रवाल भी उत्तर प्रदेश कैडर के IPS अधिकारी हैं, जो उनके साथ प्रशासनिक क्षेत्र में सक्रिय हैं।

विदेश में की पढ़ाई
वृंदा की प्रारंभिक शिक्षा हरियाणा के कार्मेल कॉन्वेंट और कॉन्वेंट ऑफ जीजस एंड मैरी स्कूल में हुई। इसके बाद, उन्होंने पुणे के महिंद्रा यूनाइटेड वर्ल्ड कॉलेज ऑफ इंडिया से ग्रेजुएशन किया। ग्रेजुएशन के बाद, वे लंदन गईं, जहां उन्होंने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड सोशल साइंस से अर्थशास्त्र, अंतर्राष्ट्रीय अध्ययन और फ्रेंच साहित्य में बीए की डिग्री प्राप्त की। बता दें कि पिछले साल 2023 में वृंदा शुक्ला उस समय चर्चा में आई थीं, जब उन्होंने मुख्तार अंसारी की बहू को गिरफ्तार किया था। उस समय वृंदा शुक्ला चित्रकूट में एसपी का पदभार संभाल रही थीं।

अन्य खबरें