यूपी के दिग्गज घर से बाहर फ्लॉप : चंद्रशेखर के उम्मीदवार 500 वोट को भी तरसे, अखिलेश यादव के सभी केंडिडेट्स की जमानत जब्त

Google images | चंद्रशेखर और अखिलेश यादव



Uttar Pradesh News : यूपी के दिग्गज युवा नेता घर यानी अपने प्रदेश के बाहर प्रभाव छोड़ने में पूरी तरह नाकामयाब रहे। हरियाणा विधानसभा चुनाव में नगीना के सांसद चंद्रशेखर की अगुवाई वाली आजाद समाज पार्टी ने दांव खेला और 20 सीट पर चुनाव लड़ा। दुष्यंत चौटाला की अगुवाई वाली जननायक जनता पार्टी के साथ उन्होंने गठबंधन किया। उन्हें हरियाणा में खाता खोलने की उम्मीद थी लेकिन हुआ ठीक उलट। कई सीटों पर आसपा को 500 से भी कम वोट मिले। इसी तरह अखिलेश यादव ने जम्मू-कश्मीर ने अकेले दम पर चुनावी रण में उतरने का फैसला किया लेकिन यह उन्हें कतई रास नहीं आया। 

उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी आसपा
अंबाला सिटी में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के पारुल नागपाल उदयपुरिया को 2423 वोट मिले। वह इस सीट पर तीसरे नंबर पर रहे। जगाधरी में आसपा प्रत्याशी को  2684 वोट मिले और वह 5वें नंबर पर रहे। नीलोखेड़ी में पार्टी के प्रत्याशी करम सिंह को सिर्फ 387 मत मिले। वह 8वें स्थान पर रहे। सोनीपत में राजेश को सिर्फ 227 मत मिले। वह सातवें स्थान पर रहे। महेंद्रगढ़ में आसपा के शशिकुमार 464 वोट पाकर 9वें नंबर पर रहे। रेवाड़ी में पार्टी की मोकी देवी को 206 वोट ही मिले। सोहना सीट पर विनेश गुज्जर घाटा को 2040 वोट हासिल हुए। पुन्हाना में आसपा के अताउल्लाह 829 वोट लेकर पांचवें नंबर पर रहे। पलवल में हरित कुमार को 2578 मत मिले। पृथला सीट पर गिरीराज जटोला 270 वोट ही हासिल कर सके। वह 12वें स्थान पर थे।

अखिलेश का दांव उल्टा पड़ा
उत्तर प्रदेश में राहुल गांधी के साथ गठबंधन करके उतरने वाले अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा पाने की चाह में जम्मू-कश्मीर में अकेले दम पर चुनाव लड़ने का मन बनाया। उन्हें यह पासा उलटा पड़ गया। हरियाणा में कांग्रेस ने सपा को कोई सीट नहीं दी फिर भी समाजवादी पार्टी ने यहां कांग्रेस को समर्थन दिया।  

जम्मू-कश्मीर की 20 सीटों पर सपा की जमानत जब्त
सपा ने जेएंडके में 20 सीट पर चुनाव लड़ा और युवा चेहरों को मौका दिया, लेकिन सभी सीटो पर उनकी जमानत जब्त हो गई। जम्मू और कश्मीर में यह पार्टी बसपा से भी पिछड़ गई। सपा को मात्र 0.14 फीसदी वोट मिले। बसपा को थोड़े ज्यादा 0.96 फीसदी मत मिले। हज़रतबल सीट से सपा के शाहिद हसन 342 वोट पा सके। बडगाम सीट से गजफर मकबूल शाह 256 वोट हासिल कर सके। बीरवाह सीट से निसार अहमद दार को 364 वोट मिले हबक्डल से मुहम्मद फारूक खान सिर्फ 100 वोट ले सके। ईदगाह से मेहराजउद्दीन को 110 वोट मिले। बारामूला सीट से मंजूर अहमद को 604 वोट हासिल हुए। अन्य सीटों पर स्थिति ऐसी ही रही। जम्मू कश्मीर में सपा ने ने प्रदेश अध्यक्ष जियालाल वर्मा के नेतृत्व में चुनाच लड़ा था।

अन्य खबरें