बहराइच से दिल दहला देने वाली खबर : पति की आत्महत्या के सदमे को झेल नहीं पाई पत्नी, कुछ देर बाद ही खुद भी दे दी जान

Google Image | Symbolic



Bahraich news : बहराइच के एक गांव में एक व्यक्ति ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या करने से पहले उसने मायके गई अपनी पत्नी को मोबाइल पर मैसेज भेजकर इसकी जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलने पर मृतक की पत्नी इस सदमे को झेल नहीं सकी। इसके बाद रात के समय महिला ने भी अपने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। सुबह महिला के परिजनों को इसकी जानकारी हुई। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इसी साल मार्च में हुआ था गौना 
जानकारी के अनुसार, बहराइच के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम भागीरथ पुरवा निवासी कविता की शादी लगभग तीन साल पहले पयागपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सोहरियांवा निवासी बजरंगी के साथ हुई थी। बताया गया है कि इस साल मार्च के महीने में दोनों का गौना हुआ था। फिलहाल कविता अपने मायके में ही थी, जबकि उसके पति बजरंगी अपने गांव में थे। घटना के बाद से दोनों के परिवारों में कोहराम मचा है।

पति के घर पर चल रहा था कुछ विवाद
जानकारी के अनुसार, रविवार रात को बजरंगी ने अपनी पत्नी कविता को मैसेज भेजकर उसके घर में चल रहे कि कुछ विवाद की जानकारी दी थी। इसके बाद 23 वर्षीय बजरंगी ने अपने घर पर ही फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बारे में जब कविता को पता लगा, तो वह इस सदमे को बर्दाश्त नहीं कर सकी। रात में ही 21 वर्षीय कविता ने भी अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह कविता के परिजनों ने शव को देखा, तो हड़कंप मच गया। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ गई एकत्र हो गई। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूरी घटना की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की शिकायत पर आगे की कार्यवाई की जाएगी।

अन्य खबरें