आकाशीय बिजली गिरने से दो किशोरों की मौत, परिवार में छाया मातम

अयोध्या में दर्दनाक हादसा : आकाशीय बिजली गिरने से दो किशोरों की मौत, परिवार में छाया मातम

आकाशीय बिजली गिरने से दो किशोरों की मौत, परिवार में छाया मातम

Google Image | symbolic Image

Ayodhya News : अयोध्या के इनायत नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां सिद्धार्थनाथन मंदिर के पास बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े दो किशोरों पर आकाशीय बिजली गिर गई। जिसके कारण दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को मिल्कीपुर सीएससी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों का बुरा हाल है।

बारिश से बचने के लिए खड़े थे पेड़ के नीचे
जानकारी के अनुसार अयोध्या के इनायत नगर थाना क्षेत्र के हिसामुद्दीनपुर पूरे कोदई निवासी 18 वर्षीय मुकेश कुमार शुक्रवार को अपने फुफेरे भाई आदित्य कुमार निवासी सिड़हिर के साथ बाइक पर सवार होकर किसी काम से गया था। बताया गया है कि दोपहर बाद दोनों वापस लौट रहे थे। इस दौरान जब वह सिद्धार्थनाथन मंदिर के पास पहुंचे, तो बारिश होने लगी। जिसके कारण दोनों बारिश से बचने के लिए बाइक को सड़क किनारे खड़ा करके खुद एक पेड़ के नीचे जाकर खड़े हो गए।

तेज कड़कड़ाहट के साथ गिरी आकाशीय बिजली  
जिस समय दोनों पेड़ के नीचे खड़े थे, तभी तेज कड़कड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली वहां पर गिर गई। दोनों भाई आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस से दोनों को मिल्कीपूरा सीएससी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दी और दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

दोनों गांव में छाया मातम
घटना की जानकारी जब दोनों किशोरों के परिजनों को लगी तो दोनों के घरों में कोहराम मच गया। बताया गया है कि आदित्य कुमार सर्वोदय इंटर कॉलेज में इंटर की पढ़ाई कर रहा था और अपने मामा के घर पर ही रह रहा था। घटना के बाद से दोनों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। दोनों गांव में मातम छाया हुआ है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.