फायरिंग में दो लोगों को लगी गोली, एक की मौत

बागपत में ट्रैक्टर चलाने को लेकर हुआ विवाद : फायरिंग में दो लोगों को लगी गोली, एक की मौत

फायरिंग में दो लोगों को लगी गोली, एक की मौत

Tricity Today | घटनास्थल

Baghpat News : लुहारी गांव में बृहस्पतिवार की शाम गेंहू के खेत में ट्रैक्टर चलाने को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवती और युवक को गोली मार दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सीएचसी पर लेकर गई। जहां पर चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया गया। जबक‌ि गंभीर हालत में युवती को नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना पर एएसपी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जांच की गई।

कहासुनी के बाद चली गोली
बृहस्पतिवार की शाम लुहारी गांव निवासी राममेहर की बेटी सोनिया अपने गेंहू के खेत में काम करने गई थी। तभी गांव निवासी एक युवक रवि पुत्र राजबीर कश्यप ट्रैक्टर लेकर वहां पर पहुंचा। इस दौरान ट्रैक्टर का पहिया गेंहू के खेत में चलाने पर उनके बीच कहासुनी हो गई लेकिन वहां पर मौजूद गणमान्य लोगों ने मामला शांत करा दिया।

एक की मौत
बताया जा रहा है जिस समय सोनिया खेत से घर लौट रही थी। तभी एक  युवक ने उसे गोली मार दी। जिससे सोनिया गंभीर रूप से घायल हो गई। इसी दौरान गांव के ही सन्नी को भी गोली मार दी गई। युवक-युवती को गोली मारने की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मदद से दोनों को सीएचसी में लेकर गए। जहां पर चिकित्सकों ने सन्नी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर हालत में सोनिया को नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटनाक्रम की जांच में जुटी पुलिस
सूचना पर एएसपी मनीष मिश्र, सीओ सविरत्न गौतम और इंस्पेक्टर एनएस सिरोही मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जांच में जुट गए। हालांकि अभी तक किसी भी पक्ष ने कोई तहरीर कोतवाली में नहीं दी है। सीओ सविरत्न गौतम ने बताया कि युवक-युवती को गोली लगने की सूचना प्राप्त हुई थी, इसमें सन्नी पुत्र राजबीर की मौत हो गई है। सोनिया की हालत गंभीर है। घटनाक्रम की सही जानकारी ली जा रही है, अभी तहरीर नहीं आई है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.