जिले में 41 डिग्री तापमान के बीच 65.79 प्रतिशत वोटिंग, टूट गए कई रिकॉर्ड

बुलंदशहर नगर निकाय चुनाव : जिले में 41 डिग्री तापमान के बीच 65.79 प्रतिशत वोटिंग, टूट गए कई रिकॉर्ड

जिले में 41 डिग्री तापमान के बीच 65.79 प्रतिशत वोटिंग, टूट गए कई रिकॉर्ड

Tricity Today | बुलंदशहर नगर निकाय चुनाव

Bulandshahr News : उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव (UP Nagar Nikay Chunav) के दूसरे चरण के लिए गुरुवार को मतदान संपन्न हो गया। भीषण गर्मी के बावजूद बुलंदशहर जिले में बंपर वोटिंग हुई है। जिले में 9 नगर पालिका और 8 नगर पंचायतों के लिए 65.79 फ़ीसदी वोट डाले गए हैं। अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि दोपहर बाद 2:30 से 4:00 तक जिले में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहा। इस भीषण गर्मी के बीच भी मतदाता पोलिंग बूथ पर लाइन लगाकर खड़े रहे। दोपहर बाद 4:00 से 6:00 के बीच रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग हुई है।

ककोड़ नगर पंचायत में सारे रिकॉर्ड टूटे
ककोड़ नगर पंचायत ने पुराने सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। यहां रिकॉर्ड तोड़ 80.65% मतदान हुआ है। जिले में बुगरासी, बीबीनगर, छतारी, औरंगाबाद और खानपुर नगर पंचायतों में 70% से ज्यादा वोट डाले गए हैं। जिले में सबसे कम मतदान बुलंदशहर नगर पालिका के लिए हुआ है। बुलंदशहर में केवल 57.44% वोटरों ने अपने हक का इस्तेमाल किया है। सिकंदराबाद नगर पालिका क्षेत्र के लोग भी जिले के औसत से बेहद कम मतदान कर पाए। सिकंदराबाद में 58.03% वोटरों ने मतदान किया है।

वोटरों की दिन भर लंबी लाइनें लगी रहीं
बुलंदशहर के सभी निकाय क्षेत्रों में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी लाइनें लग गई थीं। जैसे-जैसे दिन बढ़ता गया, उसके साथ ही मतदान भी रफ्तार पकड़ता चला गया। भीषण गर्मी होने के बावजूद लोगों के उत्साह में कोई कमी देखने के लिए नहीं मिली। सुबह 9:00 बजे तक 12.36% लोगों ने मतदान कर लिया था। दोपहर से पहले 11:00 बजे तक 27.42% और दोपहर 1:00 बजने तक 41.54% वोटिंग हो गई थी। दोपहर बाद 3:00 बजे पोलिंग परसेंटेज 52.27% रिकॉर्ड किया गया। आखिरी घंटों में तेजी से मतदान हुआ है। 3:00 बजे से लेकर 5:00 बजे तक 10% से ज्यादा मतदान हुआ। जिला प्रशासन के मुताबिक 5:00 तक पूरे जिले में 62.38% मतदान हो चुका था। कई इलाकों में शाम 6:00 बजे के बाद भी मतदान चलता रहा। दरअसल, निर्वाचन आयोग ने आदेश दिया था कि 6:00 बजे से पहले जितने मतदाता केंद्र के भीतर प्रवेश कर जाएंगे, उन्हें वोटिंग करने के बाद ही वापस भेजा जाएगा। इस तरह जिले में पोलिंग परसेंटेज 65.79% तक पहुंच गया।

पूरे जिले में शांतिपूर्ण मतदान हुआ, प्रशासन खुश
पूरे बुलंदशहर जिले में मतदान शांतिपूर्ण रहा है। इक्का-दुक्का मतदान केंद्रों पर फर्जी मतदाता पकड़े गए हैं। प्रशासन और पुलिस ने ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। बुलंदशहर के जिलाधिकारी ने शांतिपूर्ण और सफल मतदान पर सभी नगर निकाय के निवासियों को बधाई दी है। अब 13 मई को मतगणना होगी और परिणामों की घोषणा की जाएगी।

किस निकाय में कितने प्रतिशत वोट पड़े
बुलंदशहर नगर पालिका : 57.44%
खुर्जा नगर पालिका : 59.45%
जहांगीराबाद नगर पालिका : 69.57%
शिकारपुर नगर पालिका : 65.51%
स्याना नगर पालिका : 64.70%
गुलावठी नगर पालिका : 64.30%
अनूप शहर नगर पालिका : 60.35%
डिबाई नगरपालिका : 64.37%
सिकंदराबाद नगर पालिका : 58.03%
खानपुर नगर पंचायत : 71.18%
पहासू नगर पंचायत : 63.8 6%
औरंगाबाद नगर पंचायत : 70.42%
नरोरा नगर पंचायत : 52.24%
छतारी नगर पंचायत : 71.62%
बीबीनगर नगर पंचायत : 72.24%
नगर पंचायत : 72.5%
ककोड़ नगर पंचायत : 58.65%

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.