बच्चे ने क्लास में साथी की 3 गोली मारकर हत्या की, 2 पिस्तौल लेकर स्कूल पहुंचा था

बुलंदशहर में सनसनीखेज वारदात: बच्चे ने क्लास में साथी की 3 गोली मारकर हत्या की, 2 पिस्तौल लेकर स्कूल पहुंचा था

बच्चे ने क्लास में साथी की 3 गोली मारकर हत्या की, 2 पिस्तौल लेकर स्कूल पहुंचा था

Google Image | 10वीं के छात्र ने अपने क्लासमेट की हत्या कर दी

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक ही क्लास में पढ़ने वाले 2 छात्रों के बीच सीट पर बैठने को लेकर बुधवार को विवाद हो गया था। सुबह एक लड़का तमंचा लेकर क्लास में पहुंचा और अपने साथी को गोली मार दी। दूसरे लड़के की मौके पर ही मौत हो गई है। हमला करने वाला लड़का मौके से फरार हो गया है। सूचना मिलने पर पुलिस कॉलेज में पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपी लड़की की तलाश की जा रही है।



मिली जानकारी के मुताबिक बुलंदशहर के एक स्कूल में दसवीं क्लास के एक बच्चे ने अंदर दूसरे बच्चे को गोली मारकर कत्ल कर दिया। दोनों की उम्र 14 साल है। कल दोनों में एक ही सीट पर बैठने को लेकर झगड़ा हुआ था। आज नाराज़ बच्चा 2 पिस्तौल लेकर आया और दूसरे छात्र को तीन गोली मार दी। वारदात को अंजाम देकर लड़का मौके से फरार हो गया। घटना के बाद स्कूल में सनसनी फैल गई। टीचिंग स्टाफ ने फोन करके पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में घायल लड़के को अस्पताल ले जाया गया। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए बच्चे की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दूसरी ओर मामले में एफआइआर दर्ज की गई है। आरोपी लड़के की तलाश की जा रही है।

वारदात पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है

यह घटना पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग घटना के बारे में सुनकर अपने-अपने ढंग से रिएक्ट कर रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि आजकल बच्चे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर चल रही मिर्जापुर जैसी वेब सीरीज बच्चे देख रहे हैं। जिससे उनके मन और मस्तिष्क पर दुष्प्रभाव पड़ रहे हैं। बच्चे वेब सीरीज में जो देखते हैं, वैसा ही बनने की कोशिश करते हैं। कुछ लोग इसे समाज में आ रहे नकारात्मक बदलाव का परिणाम मान रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि दसवीं कक्षा में पढ़ने वाले बच्चे के पास दो पिस्टल मिलना बेहद खतरनाक स्थिति है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर दसवीं कक्षा में पढ़ने वाले बच्चे को दो पिस्तौल कहां से मिल गई।

पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी

वारदात का शिकार बने छात्र के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। दूसरी ओर जिस लड़के ने इस वारदात को अंजाम दिया है, उसके परिवार की स्थिति भी खराब है। परिवार के लोग परेशान हैं। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सबसे पहले यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि छात्र को दो पिस्तौल कहां से मिली हैं। छात्र को जल्दी ही पकड़ लिया जाएगा। वह नाबालिग है। उसका मरने वाला क्लासमेट भी नाबालिग था।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.