विवाहिता से मारपीट कर मायके के पास सड़क पर फेंक कर चले गए ससुराल वाले

बुलंदशहर : विवाहिता से मारपीट कर मायके के पास सड़क पर फेंक कर चले गए ससुराल वाले

विवाहिता से मारपीट कर मायके के पास सड़क पर फेंक कर चले गए ससुराल वाले

Google Image | Symbolic Photo

Bulandshahr : बुलंदशहर में एक विवाहिता के साथ दहेज के पैसों को लेकर प्रताड़ना की गई। विवाहित के साथ उसके ससुराल वालों ने बुरी तरह से मारपीट की और गंभीर हालत में उसे मायके के पास एक सड़क पर छोड़ कर फरार हो गए। पीड़ित ने घर पहुंचकर परिजनों को हालात के बारे में बताया। परिजनों ने पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कर उपचार कराया है। पीड़िता ने ससुराल वालों पर हत्या की कोशिश का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।

12 लाख की मांग को लेकर शुरू हुआ विवाद
मामला कोतवाली देहात का है। कोतवाली देहात की गांव निवासी पीड़िता ने तहरीर देकर बताया कि कुछ साल पहले उसकी शादी दिल्ली के एक युवक से हुई थी। आरोप है कि निकाह के बाद से ही दहेज में 12 लाख की मांग की जा रही थी। पैसे ना देने पर विवाहिता को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। पति, सास, ननंद और ननंद का पुत्र व पुत्री समेत अन्य ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की। पीड़िता को भूखा रखकर उसके साथ मारपीट की जाती थी। पीड़िता गर्भवती थी उसके बावजूद भी उसे प्रताड़ना झेलनी पड़ती थी। कई बार पीड़िता को जान से मारने का प्रयास भी किया गया।

पीड़िता से दुष्कर्म का भी हुआ प्रयास
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसकी ननंद का पुत्र उसके साथ छेड़छाड़ करता था। इसके अलावा उसने पीड़िता के साथ दुष्कर्म का भी प्रयास किया था। 4 जुलाई को ससुराल वालों ने गले में दुपट्टा डालकर पीड़िता को जान से मारने की भी कोशिश की। उसके बाद उसके साथ मारपीट की गई और गंभीर हालत में एक वाहन में डालकर बुलंदशहर में मायके के पास वाली सड़क पर लाकर फेंक दिया गया, जिसके बाद पीड़िता के परिजनों ने उसे अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। बाद में परिजनों ने पुलिस से मामले की शिकायत की। देहात पुलिस ने आरोपी पति समेत छह ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.