सीएम खट्टर ने फतेहपुर बिल्लौच गांव से किया विकसित भारत संकल्प यात्रा का शुभारंभ

Faridabad News : सीएम खट्टर ने फतेहपुर बिल्लौच गांव से किया विकसित भारत संकल्प यात्रा का शुभारंभ

सीएम खट्टर ने फतेहपुर बिल्लौच गांव से किया विकसित भारत संकल्प यात्रा का शुभारंभ

Tricity Today | सीएम मनोहर लाल खट्टर ने फरीदाबाद के बिल्लौच गांव में राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया।

Faridabad News : मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता में गुरुवार को फरीदाबाद के बिल्लौच गांव में राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री ने विकसित भारत संकल्प यात्रा रथ को रवाना किया। इस मौके पर परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, विधायक नरेंद्र गुप्ता, नयनपाल रावत और सीमा त्रिखा, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा और गांव के सरपंच जनसंवाद कार्यक्रम में उपस्थित थे। इस दौरान लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश को दिए गए विकसित भारत संकल्प यात्रा के संबोधन को सुना।

सीएम ने दी योजनाओं की जानकारी
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा को हरियाणा में जनसंवाद कार्यक्रम के साथ जोड़ा गया है। इसकी शुरुआत जिले के फतेहपुर बिल्लौच गांव से की गई है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना है। लोगों को योजनाओं के बारे में भी अवगत कराना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं न केवल स्वयं आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि अन्य महिलाओं को भी रोजगार प्रदान कर रही हैं। प्रदेश में लगभग 40 हजार स्वयं सहायता समूह हैं। एक सहायता समूह में कम से कम 10 महिला सदस्य होती हैं, जो अपनी प्रतिभा से अच्छे उत्पाद बनाती हैं। इन स्वयं सहायता समूहों को प्रदेश सरकार 50 हजार से लेकर तीन लाख रुपये का लोन दे रही है। कई सहायता समूह तो लघु उद्योग का रूप ले चुके हैं, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम योगदान दे रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान महिला किसानों ने ड्रोन उड़ाकर दिखाया। महिला अब खेती में ड्रोन का उपयोग खाद और दवा छिड़काव आदि कार्यों में कर सकेंगी। इससे महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत यात्रा मोदी की गारंटी वाली गाड़ी है। लोग अधिक से अधिक इस से जुड़े, ताकि उन्हें सरकार द्वारा लागू की गई योजनाओं की जानकारी मिल सके और वे इसका लाभ उठा सकें। प्रधानमंत्री ने देश के विभिन्न राज्यों के लाभार्थियों से संवाद भी किया।

​फतेहपुर बिल्लौच में बनेगा कन्या विद्यालय
मुख्यमंत्री ने महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा उत्पादित सामग्री की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनकी सरहना की। मुख्यमंत्री ने फतेहपुर बिल्लौच गांव के राजकीय कन्या विद्यालय के भवन के निर्माण के एस्टीमेट तैयार करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की उपलब्धियों से जुड़ी फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री ने लोगों को विकसित भारत संकल्प यात्रा की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की ऑनलाइन सेवाएं देने के लिए विशेष काउंटर लगाए गए। व्यक्तियों की वृद्धा पेंशन, राशन कार्ड, परिवार पहचान पत्र की त्रुटियों को मौके ही ठीक किया गया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान तैयार किए गए सात व्यक्तियों को वृद्धावस्था सम्मान भत्ता योजना के प्रमाण पत्र वितरित किए। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने मुबंई में ताज होटल में 26 नवबर 2011 के दौरान हुए आतंकी हमले में सैंकड़ों लोगों की जान बचाने वाले कमांडो सुरेंद्र चौधरी को सम्मानित भी किया। इसके अलावा प्रगतिशील किसानों, खिलाड़ियों व मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया।

ये भी रहे मौजूद
इस अवसर पर सूचना, लोकसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के महानिदेशक डा. अमित अग्रवाल, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली, मीडिया कोआर्डिनेटर मुकेश वशिष्ठ, फरीदाबाद के उपायुक्त विक्रम सिंह, पुलिस आयुक्त राकेश आर्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

अन्य खबरे