यूपी में अमित शाह और उत्तराखंड में राजनाथ सिंह करेंगे अगले मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा, भाजपा ने 4 राज्यों में भेजे पर्यवेक्षक

BIG NEWS : यूपी में अमित शाह और उत्तराखंड में राजनाथ सिंह करेंगे अगले मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा, भाजपा ने 4 राज्यों में भेजे पर्यवेक्षक

यूपी में अमित शाह और उत्तराखंड में राजनाथ सिंह करेंगे अगले मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा, भाजपा ने 4 राज्यों में भेजे पर्यवेक्षक

Google Image | अमित शाह और राजनाथ सिंह

New Delhi : पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को चार राज्यों उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में पूर्ण बहुमत मिला है। अब भारतीय जनता पार्टी ने चारों राज्यों में सरकार बनाने की प्रक्रिया पर काम शुरू कर दिया है। इसी सिलसिले में पार्टी ने सोमवार की देर शाम 4 राज्यों उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। चार बड़े नेताओं को पर्यवेक्षक और उनके साथ एक-एक सह पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। बड़ी बात यह है कि उत्तर प्रदेश के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और उत्तराखंड के लिए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को पर्यवेक्षक बनाकर भेजा गया है।

अमित शाह और रघुवर दास को यूपी की जिम्मेदारी
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और कार्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास उत्तर प्रदेश जाएंगे। वहां विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों से चर्चा करेंगे। इसी चर्चा के दौरान उत्तर प्रदेश के भावी मुख्यमंत्री का नाम फाइनल किया जाएगा। इसी तरह उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी को पूर्ण बहुमत मिला है। वहां अगले मुख्यमंत्री का नाम तय करने के लिए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह बतौर पर्यवेक्षक जा रहे हैं। उनके साथ केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी सह पर्यवेक्षक के रूप में जाएंगी।

मुख्यमंत्री का नाम नरेंद्र सिंह तोमर करेंगे तय
अरुण सिंह ने बताया कि मणिपुर और गोवा में भी पर्यवेक्षक और सह पर्यवेक्षक भेजे गए हैं। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बतौर पर्यवेक्षक मणिपुर भेजा गया है। उनके साथ केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री किरण रिजिजू सह पर्यवेक्षक के रूप में जा रहे हैं। गोवा में विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों से बात करके मुख्यमंत्री का नाम तय करने की जिम्मेदारी केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को दी गई है। उनके साथ पर्यवेक्षक के रूप में केंद्रीय पशुपालन मंत्री एल मुरूगन भेजे गए हैं। सभी पर्यवेक्षक मंगलवार और बुधवार को अपने-अपने राज्यों में पहुंच जाएंगे। वहां निर्वाचित होकर आए भारतीय जनता पार्टी के विधायकों से चर्चा करेंगे। पार्टी के बड़े नेताओं से विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके बाद चारों राज्यों के भावी मुख्यमंत्रियों की घोषणा की जाएगी।

कौन बनेगा उत्तराखंड का नया सीएम
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में 403 विधानसभा सीट हैं। सरकार बनाने के लिए 202 विधायकों की जरूरत होती है। भारतीय जनता पार्टी को 255 विधानसभा सीटों पर जीत मिली है। सहयोगी अपना दल को 12 है और निषाद पार्टी को 6 सीट मिली हैं। इस तरह भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी दल 273 के आंकड़े तक पहुंच गए हैं। यह उत्तर प्रदेश के लिहाज से भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत है। दूसरी ओर उत्तराखंड में 70 विधानसभा सीट हैं। सरकार बनाने के लिए 36 विधायकों की आवश्यकता होती है। बीजेपी ने 45 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की है। लिहाजा, उत्तराखंड में भी भारतीय जनता पार्टी के पास शानदार बहुमत है। किसी तरह की परेशानी नहीं है, लेकिन उत्तराखंड में मौजूदा मुख्यमंत्री पवन कुमार धामी चुनाव हार गए हैं। ऐसे में नए मुख्यमंत्री का चेहरा भारतीय जनता पार्टी को तलाश करना है।

गोवा में बदली राजनीतिक घटनाक्रम
गोवा में 40 विधानसभा सीट हैं और सरकार बनाने के लिए 21 विधायकों के बहुमत की आवश्यकता होती है। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के 20 विधायक जीतकर आए हैं। दो विधायक सहयोगी दल के भी हैं। कुल मिलाकर गोवा में भारतीय जनता पार्टी के पास स्पष्ट बहुमत है, लेकिन पिछले 2 दिनों में वहां राजनीतिक घटनाक्रम तेजी से बदल रहे हैं। भाजपा में बगावत के सुर फूट रहे हैं। पार्टी ने दो कद्दावर नेताओं को गोवा भेजकर हालात संभालने की जिम्मेदारी दे दी है। 

मणिपुर में नया चेहरा लाने की तैयारी
जानकारों का कहना है कि भाजपा के लिए सरकार बनाना कोई बड़ी चुनौती नहीं है। पूर्वोत्तर के महत्वपूर्ण राज्य मणिपुर में भी विधानसभा चुनाव करवाया गया है। राज्य में 60 विधानसभा सीट हैं। सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत 31 विधायकों का है। भारतीय जनता पार्टी अपने बलबूते 32 सीट जीतकर बहुमत हासिल कर चुकी है। लिहाजा, मणिपुर में पार्टी नेताओं को केवल नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा करनी है। मिली जानकारी के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी गोवा और मणिपुर में मुख्यमंत्री के नए चेहरे सामने लाने की तैयारी कर रही है। इन राज्यों में भेजे गए पर्यवेक्षक और सहायक पर्यवेक्षक प्रत्येक स्तर पर बातचीत करके नए मुख्यमंत्री की घोषणा करेंगे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.