अरविंद शर्मा दिल्ली में पीएम मोदी से मिले, यूपी चुनाव से पहले मुलाकात के बड़े मायने

रूबरू : अरविंद शर्मा दिल्ली में पीएम मोदी से मिले, यूपी चुनाव से पहले मुलाकात के बड़े मायने

अरविंद शर्मा दिल्ली में पीएम मोदी से मिले, यूपी चुनाव से पहले मुलाकात के बड़े मायने

Social Media | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अरविंद कुमार शर्मा

New Delhi : उत्तर प्रदेश भाजपा (UP BJP) के उपाध्यक्ष और पूर्व नौकरशाह अरविंद कुमार शर्मा (AK Sharma BJP) ने मंगलवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) से मुलाकात की है। आपको बता दें कि अरविंद कुमार शर्मा पूर्व नौकरशाह हैं और गुजरात कैडर में आईएस रह चुके हैं। जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे तो अरविंद कुमार शर्मा उनके प्रमुख सचिव रहे थे। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election) से ठीक पहले इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक हलकों में तमाम तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री के भरोसेमंद अफसर रह चुके हैं अरविंद कुमार शर्मा
अरविंद कुमार शर्मा मूल रूप से उत्तर प्रदेश में मऊ जिले के रहने वाले हैं। भूमिहार ब्राह्मण समाज से ताल्लुक रखते हैं। गुजरात कैडर में लंबे अरसे तक महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं। करीब 6 महीने पहले वीआरएस लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय हुए हैं। उन्हें पहले भारतीय जनता पार्टी में प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया और फिर ऊपरी सदन का सदस्य बनाया गया है। अरविंद कुमार शर्मा राज्य में भूमिहार और ब्राह्मण समाज को भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में लामबंद करने के लिए पिछले 6 महीने से लगातार यात्राएं कर रहे हैं। अब मंगलवार को अरविंद कुमार शर्मा ने दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है। आईएएस की नौकरी छोड़ने के बाद औपचारिक रूप से यह अरविंद कुमार शर्मा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ दूसरी मुलाकात है।

राजनीतिक हलकों में इस मुलाकात के कई मायने
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव का बिगुल बजने वाला है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक-एक कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रधानमंत्री इस महीने उत्तर प्रदेश में चार यात्राएं करने वाले हैं। इस दौरान जनसभाओं का संबोधन करेंगे। इसे भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश में चुनावी तैयारियों से जोड़ा जा रहा है। पीएम मेगा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें मुख्य रूप से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का लोकार्पण और ग्रेटर नोएडा में जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का शिलान्यास भी शामिल है। पीएम 16 नवंबर को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करने आ रहे हैं और इसके बाद जेवर एयरपोर्ट का शिलान्यास 25 नवंबर को होगा। इस दो दौरों के अलावा नरेंद्र मोदी सुलतानपुर रोड लखनऊ भी इसी महीने आ रहे हैं। अब इसी बीच गुरुवार को अरविंद कुमार शर्मा की प्रधानमंत्री से मुलाकात को लेकर उत्तर प्रदेश के राजनीतिक हल्कों में चर्चाएं गर्म हो गई हैं। खुद अरविंद कुमार शर्मा ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से मुलाकात के चार फोटो ट्वीट किए हैं। इन फोटो में दोनों के बीच पोश्चर और केमिस्ट्री को लेकर लोग अपने-अपने हिसाब से कयास लगा रहे हैं।

यूपी में कोर वोट बैंक ब्राह्मणों को साधने में लगी है भाजपा
उत्तर प्रदेश की राजनीति और चुनाव में जातिगत गुणा-गणित बड़े मायने रखते हैं। इसी के तहत भारतीय जनता पार्टी ब्राह्मण-भूमिहार मतदाताओं को साधने में जुटी है। दरअसल, ब्राह्मणों को भाजपा का कोर वोटर माना जाता है। इस बार तमाम तरह की अटकल लगाई जा रही हैं। कहा जा रहा है कि ब्राह्मण समाज मौजूदा सरकार से खफा है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस से जितिन प्रसाद को लाकर एमएलसी और कैबिनेट मिनिस्टर बनाया है। इसी तरह अरविंद कुमार शर्मा को ब्राह्मणों को साधने में लगाया गया है। अब 4 दिन पहले भाजपा ने उत्तर प्रदेश में मतदाता अभियान की लॉन्चिंग की है। जिसके लिए बनाई गई भारी-भरकम समिति का अध्यक्ष पूर्व मंत्री और दिग्गज ब्राह्मण नेता लक्ष्मीकांत वाजपेई को नियुक्त किया गया है। खास बात यह है कि पिछले करीब 5 वर्षों से लक्ष्मीकांत वाजपेई को भाजपा में उपेक्षित करके रखा गया था।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.