New Delhi : दिल्ली में 5 फरवरी को चुनाव की घोषणा हो चुकी है। राजधानी की सर्दी में जैसे-जैसे चुनाव की तारीख करीब आ रही है, आप और बीजेपी में अभियान गीत की गर्मी बढ़ रही है। दिल्ली चुनाव के लिए शनिवार को बीजेपी ने अपना नया चुनावी गीत "बहाने नहीं बदलाव चाहिए, दिल्ली में भाजपा सरकार चाहिए" लॉन्च कर दिया है। यह गाना बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, सांसद मनोज तिवारी और सांसद योगेंद्र चांदोलिया की मौजूदगी में लॉन्च किया गिया।
दिल्ली में आयेगा बदलाव : वीरेंद्र सचदेवा
आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि वर्तमान सरकार ने झूठे वादों और भ्रष्टाचार से दिल्ली की जनता को ठगा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह गीत दिल्ली में बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि गीत की रिकॉर्डिंग सफदरजंग स्टूडियो में रात दो बजे के बाद की गई और उत्साह इतना था कि यह एक ही टेक में पूरी हो गई। मीडिया हेड प्रवीण शंकर कपूर ने बताया कि यह गीत पहली बार 5 सितंबर को प्रधानमंत्री की रैली में बजाया गया था, जहां लोगों की जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली।
दिल्ली की जनता को ठगा : मनोज तिवारी
इस गीत को सांसद मनोज तिवारी ने गाया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सांसद मनोज तिवारी ने बताया कि सोशल मीडिया पर यह गीत एक करोड़ दस लाख से अधिक बार देखा जा चुका है, जो किसी राजनीतिक गीत के लिए एक रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता पिछले दस सालों से कूड़े, गंदे पानी और भ्रष्टाचार से परेशान है और अब परिवर्तन चाहती है। केजरीवाल ने दिल्ली को लूटने और बर्बाद करने का काम किया है।