लाजपत नगर की सेंट्रल मार्केट में भीषण आग से करोड़ों का नुकसान, दमकल की 30 गाड़ियों ने पाया काबू

New Delhi: लाजपत नगर की सेंट्रल मार्केट में भीषण आग से करोड़ों का नुकसान, दमकल की 30 गाड़ियों ने पाया काबू

लाजपत नगर की सेंट्रल मार्केट में भीषण आग से करोड़ों का नुकसान, दमकल की 30 गाड़ियों ने पाया काबू

Social Media | लाजपत नगर में लगी आग

राजधानी दिल्ली के लाजपत नगर की सेंट्रल मार्केट में शनिवार की सुबह एक कपड़े के शोरूम में भयंकर आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि कई किलोमीटर दूर से भी आग की लपटें और काले धुएं का गुबार देखा जा सकता था। सूचना मिलने पर दमकल विभाग ने पहले 16 फायर टेंडर भेजे थे। लेकिन कड़ी मशक्कत के बावजूद आग का दायरा बढ़ता गया। बाद में दमकल की 30 गाड़ियों को आग बुझाने में लगाया गया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद अंततः दोपहर तक आग पर काबू पा लिया गया है। 

दिल्ली फायर सर्विस के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि, पहले लोगों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की। मगर उन्हें सफलता नहीं मिली। तब उन्होंने दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल विभाग के मुताबिक, सुबह करीब 10.20 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर 30 से ज्यादा गाड़ियां भेजी गई। अब आग पर काबू पा लिया गया है। अभी कूलिंग ऑपरेशन चल रहा है। हादसे में किसी की जान नहीं गई है। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। यह जांच के बाद ही पता चलेगा। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी कहा कि, वह लाजपत नगर अग्निकांड पर सीधे फायर विभाग के संपर्क में हैं। स्थिति नियंत्रण में है। आग पर काबू पा लिया गया है। किसी जनहानि की खबर नहीं है।

आग इतनी भयावह थी कि आसपास के इलाकों में सिर्फ काले धुएं का गुबार दिख रहा था। बीच-बीच में आग की ऊंची लपटें लोगों को डरा रही थी। एहतियात बरतते हुए पूरे इलाके को खाली करा लिया गया था। दिल्ली पुलिस की तैनाती की गई थी। अतुल गर्ग ने बताया, फायर विभाग को लाजपत नगर मार्केट के ब्लॉक-1 के सेंट्रल मार्केट से लोगों ने भीषण आग लगने की सूचना दी थी। हमने तुरंत 16 गाड़ियां मौके के लिए रवाना कर दी थीं। लेकिन आग इतनी भयावह थी कि घंटों की मशक्कत के बावजूद उस पर नियंत्रण नहीं पाया जा सका। तब हमने और फायर टेंडर भेजे। 30 से ज्यादा गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। बताते चलें कि बीते 11 अप्रैल को दिल्ली के शास्त्री पार्क में फर्नीचर मार्केट में भी भीषण आग लगी थी। दमकल की 27 गाड़ियों को 2 घंटे की मशक्कत करनी पड़ी। उसके बाद आग पर काबू पाया गया।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.