दिवाली के बाद दिल्ली में दाखिल होना मुश्किल, हर तरफ भयंकर जाम

BIG BREAKING : दिवाली के बाद दिल्ली में दाखिल होना मुश्किल, हर तरफ भयंकर जाम

दिवाली के बाद दिल्ली में दाखिल होना मुश्किल, हर तरफ भयंकर जाम

Tricity Today | हाईवे और एक्सप्रेसवे का हाल

दिवाली मनाकर दिल्ली-एनसीआर वापस लौट रहे लोगों के लिए हालात मुश्किल हैं। दिल्ली के चारों ओर सभी नेशनल हाईवे पर यातायात का भारी दबाव है। चारों ओर ट्रैफिक जाम लगा हुआ हैं। कई नेशनल हाईवे पर काम चल रहा है, जिसकी वजह से ट्रैफिक जाम है। दूसरी ओर बाकी नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा जाम का सबब बने हुए हैं। यमुना एक्सप्रेसवे, नेशनल हाईवे-91, नेशनल हाईवे-24 , मुरादाबाद नेशनल हाईवे, फरीदाबाद, गुड़गांव, पानीपत, गाजियाबाद और बल्लभगढ़ में लोग ट्रैफिक जाम से जूझ रहे हैं।

बृजघाट से मुरादाबाद तक भीषण ट्रैफिक जाम
रविवार को सबसे बुरा हाल दिल्ली-मुरादाबाद नेशनल हाईवे का है। गंगा पार करने के लिए बृजघाट पुल से लेकर मुरादाबाद तक करीब 60 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। इस नेशनल हाईवे पर जगह-जगह कंस्ट्रक्शन वर्क चल रहा है, जिसकी वजह से रूट डायवर्जन है। कई जगह एक ही लेन से दोनों ओर के वाहनों को गुजारा जा रहा है। इसके चलते भीषण ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। गढ़मुक्तेश्वर से बृजघाट, गजरौला और आगे मुरादाबाद तक दोनों और जगह-जगह लंबा ट्रैफिक जाम है। इसके बीच में टोल प्लाजा भी ट्रैफिक जाम का कारण बने हुए हैं। दिवाली मनाकर वापस लौट रहे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

यमुना एक्सप्रेसवे के जेवर टोल प्लाजा पर जाम
यमुना एक्सप्रेसवे पर फास्टैग सिस्टम धोखा दे रहा है। दिवाली की रात, उससे पहले लगातार दो दिन और अब दिवाली के बाद वापस लौट रहे लोगों को इस परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक जेवर में यमुना एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर लंबा ट्रैफिक जाम शाम 6 बजे से ट्रैफिक जाम लगा हुआ था, जो देर रात 9 बजे तक लगा रहा। अभी भी जाम की स्थिति बनी हुई है। जिसके कारण मौके पर ट्रैफिक पुलिस मौजूद है। आगरा और कानपुर की तरफ से नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली आने वाले हजारों वाहन यमुना एक्सप्रेसवे पर फंसे रहे। ऐसे ही एक यात्री डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि उन्हें जेवर टोल प्लाजा पार करने में करीब एक घंटे का वक्त लगा। यह लोग परिवार के साथ कानपुर से नोएडा वापस लौट है।

लुहारली टोल प्लाजा पर 4 किलोमीटर लंबा जाम
गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर भी ट्रैफिक जाम है। मिली जानकारी के मुताबिक देर शाम से ही लुहारली टोल प्लाजा पर यातायात बुरी तरह फंसा हुआ है। बुलंदशहर से दिल्ली की ओर आने वाली लाइन पर ज्यादा बुरा हाल है। लुहारली टोल प्लाजा से लेकर सिकंदराबाद की ओर करीब 4 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। जिसमें हजारों की संख्या में वाहन फंसे हुए हैं। जेवर टोल प्लाजा पर पहुंच रहे लोग स्टाफ पर अपना गुस्सा निकाल रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि जितना पैसा टोल का देना पड़ता है। उससे कहीं ज्यादा पैसे का डीजल और पेट्रोल ट्रैफिक जाम की वजह से बर्बाद हो रहा है।

दिल्ली के चारों ओर नेशनल हाईवे पर हालत खराब
ठीक ऐसे ही हालात दिल्ली-एनसीआर के चारों ओर राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आने वाले नेशनल हाईवे पर बने हुए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली, सोनीपत, पानीपत-नेशनल हाईवे, दिल्ली, बल्लभगढ़, बहादुरगढ़-नेशनल हाईवे, दिल्ली, फरीदाबाद-नेशनल हाईवे और दिल्ली गुरुग्राम-नेशनल हाईवे पर भी ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। दिल्ली-एनसीआर में केवल ईस्टर्न और वेस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे ही ऐसे महामार्ग हैं, जिन पर यातायात सामान्य रूप से चल रहा है। कुल मिलाकर दिवाली का त्यौहार मनाकर दिल्ली-एनसीआर वापस लौट रहे लोग ट्रैफिक जाम की आफत से जूझ रहे हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.