Delhi News : राजधानी दिल्ली सहित पूरे एनसीआर में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। शीतलहर के कारण लोगों का बुरा हाल है। लोग अलाव जलाकर अपने आप को गर्म रखने की कौशिस कर रहे है। वहीं जनवरी के इस पहले हफ्ते में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से नीचे चला गया है। सफदरजंग वेधशाला में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम है। पिछले कुछ दिनों से राजधानी में निचली सतह के बादल छाए हुए थे। जिससे सूरज नहीं निकल रहा था और दिन के तापमान में कमी आ रही थी। इसके अलावा, गलन भरी हवाओं के कारण ठंड का असर और बढ़ गया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।
आज छाए रह सकतें हैं हल्के बादल
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन दिल्ली में हल्के से मध्यम कोहरे का असर रह सकता है। इसके साथ ही राजधानी में दिन में तापमान में गिरावट भी बनी रहेगी। वहीं शनिवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है और शुक्रवार को बादल छाए रहने की संभावना है। इसके अलावा रविवार को दिल्ली और एनसीआर में हल्की बारिश हो सकती है। आगामी दिनों में मंगलवार और बुधवार को आसमान साफ रहने की संभावना जताई जा रही है। इस दौरान, ठंड का असर बना रहेगा और लोगों को सर्दी का सामना करना होगा।
रविवार और सोमवार को हल्की बारिश की संभावना
दिल्ली में कड़ाके की ठंड का असर लगातार बना हुआ है और न्यूनतम तापमान में गिरावट जारी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 16 दिसंबर के बाद यह पहली बार है जब न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से नीचे गिरा है। अगले कुछ दिनों में मौसम के परिवर्तन के चलते बारिश की संभावना बनी हुई है। रविवार और सोमवार को हल्की बारिश के आसार हैं, जबकि मंगलवार और बुधवार को मौसम साफ रहेगा। ठंड और कोहरे के कारण राजधानी में लोगों को सर्दी के तीव्र असर का सामना करना पड़ सकता है, खासकर सुबह के समय।