दिल्ली से जुड़े सभी मार्गों पर भीषण जाम, रेलवे ने दर्जनभर ट्रेनें रद्द कीं और इन स्टेशनों पर थमे पहिए, देखें लिस्ट

Bharat Band : दिल्ली से जुड़े सभी मार्गों पर भीषण जाम, रेलवे ने दर्जनभर ट्रेनें रद्द कीं और इन स्टेशनों पर थमे पहिए, देखें लिस्ट

दिल्ली से जुड़े सभी मार्गों पर भीषण जाम, रेलवे ने दर्जनभर ट्रेनें रद्द कीं और इन स्टेशनों पर थमे पहिए, देखें लिस्ट

Google Image | पंजाब की तरफ जाने वाली दर्जन दर्जनभर ट्रेनें रद्द कर दी

Delhi-NCR : केंद्र सरकार के 3 नए कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलनरत किसानों ने आज भारत बंद का ऐलान किया है। पूरे देश में सड़कें जाम की गई हैं। यातायात प्रभावित हुआ है। किसान हाईवे पर बैठे हुए हैं। खास तौर पर राजधानी दिल्ली चारों तरफ से किसान आंदोलन की वजह से सील है। गाजियाबाद से दिल्ली को जोड़ने वाले दोनों बॉर्डर पर चक्का जाम है। राजस्थान और पंजाब की तरफ जाने वाली दर्जन दर्जनभर ट्रेनें या तो रद्द कर दी गई हैं या स्टेशनों पर खड़ी हैं। उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब समेत किसान आंदोलन से प्रभावित राज्यों में पुलिस-प्रशासन चौकस है। कांग्रेस, सपा, बसपा समेत सभी विपक्षी दलों ने भारत बंद को समर्थन दिया है। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने किसानों को समर्थन देकर आंदोलन को धार देने की कोशिश की है। 

40 संगठनों ने किया बंद
बताते चलें कि करीब 40 किसान संगठनों के संयुक्त किसान मोर्चा ने सोमवार, 27 सितंबर को सुबह 6:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक देशभर में धरना-प्रदर्शन करने का ऐलान किया था। संयुक्त मोर्चा ने इसे भारत बंद का नाम दिया था। किसान संगठन की तरफ से कहा गया था कि आज देश भर के तमाम हाईवे पर किसान प्रदर्शन करेंगे। इसकी वजह से यातायात प्रभावित रहेगा। किसानों का कहना है कि जब तक केंद्र सरकार 3 नए कृषि सुधार कानूनों को वापस नहीं लेती, उनका धरना प्रदर्शन चलता रहेगा। फिलहाल प्रदर्शन की वजह से दिल्ली से गाजियाबाद को जोड़ने वाले दोनों बॉर्डर सुबह 6:00 बजे से ही बंद हैं। किसानों ने धरना शुरू कर दिया है। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और गाजीपुर बॉर्डर पूरी तरह चोक है। 

नोएडा समेत यूपी वेस्ट में दिखा असर
नोएडा में किसानों का भारत बंद अभियान चल रहा है। डीएनडी फ्लाईओवर पर डेढ से दो किलोमीटर लंबा जाम लगा हुआ है। दिल्ली जाने वाले चिल्ला बॉर्डर पर एक किलोमीटर लंबा जाम है। गुरुग्राम से दिल्ली, दिल्ली से फरीदाबाद और सोनीपत मार्ग पर भी यातायात बुरी तरह प्रभावित है। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि यातायात सामान्य बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जबकि किसान कुछ और जगहों पर भी जाम लगाने की तैयारी कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक ग्रेटर नोएडा के परी चौक, गाजियाबाद में राज चोपला मोदीनगर और मुरादनगर गंग पटरी पर भी किसान जाम लगाएंगे। भारतीय किसान यूनियन के एनसीआर के मुख्य महासचिव मांगेराम त्यागी ने बताया कि बुलंदशहर में 7, गाजियाबाद में दो, नोएडा में एक, मेरठ में 13, हापुड़ में 5 और सहारनपुर में 6 स्थानों पर किसान चक्का जाम कर रहे हैं।

दर्जन भर ट्रेनें रद्द
प्रदर्शन को देखते हुए भारतीय रेलवे ने भी कई ट्रेनों के रूट बदले हैं। दिल्ली आने वाली तमाम ट्रेनों को आगरा मंडल में जगह-जगह रोका गया है। इसके अलावा दिल्ली से पंजाब और राजस्थान की तरफ जाने वाली दर्जनभर ट्रेनें रद्द की गई हैं या फिर उन्हें बीच में स्टेशनों पर रोका गया है। रेलवे का कहना है कि किसान आंदोलन समाप्त होने तक सावधानी बरती जाएगी। हालांकि ट्रेनों के रोके जाने और रद्द होने से यात्रियों को भारी असुविधा हुई है। जानकारी के मुताबिक नई दिल्ली-अमृतसर शान ए पंजाब, नई दिल्ली- मोगा एक्सप्रेस, पुरानी दिल्ली-पठानकोट एक्सप्रेस को रद्द किया गया है। कटरा जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस नई दिल्ली से सुबह 6 बजे चली लेकिन पानीपत स्टेशन पर खड़ी है। नई दिल्ली-अमृतसर शताब्दी एक्सप्रेस को भी रद्द किया गया है। 

भारत बंद का कोई सहयोग ना करेः भानु प्रताप सिंह
भारतीय किसान यूनियन (भानु) के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने किसान संयुक्त मोर्चा के भारत बंद का विरोध किया है। एटा में उन्होंने कहा, भारत बंद से अर्थव्यवस्था पर असर पड़ेगा। क्या भारत बंद करके ये (राकेश टिकैत) अपनी आतंकवादी गतिविधियों को और बढ़ाना चाहते हैं? आतंकी संगठन तालिबान ने अफ़ग़ानिस्तान में कब्ज़ा किया, उस तरह की गतिविधियों को ये बढ़ाना चाहते हैं। मैं सभी पदाधिकारियों, ब्लॉक, ज़िला, मंडल, प्रदेश सबको आह्वान करता हूं कि भारत बंद का कोई सहयोग ना करे और इसका विरोध करे। ऐसे संगठन जो आतंकी गतिविधियों में शामिल है उनको सरकार दबाने की कोशिश करे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.