एक मार्च से फिर दौड़ेगी दिल्ली-हाथरस ईएमयू, उत्तर रेलवे ने तैयारियां पूरी की, जानें लोकल ट्रेनों का टाइम टेबल

EMU Passenger Train Update: एक मार्च से फिर दौड़ेगी दिल्ली-हाथरस ईएमयू, उत्तर रेलवे ने तैयारियां पूरी की, जानें लोकल ट्रेनों का टाइम टेबल

एक मार्च से फिर दौड़ेगी दिल्ली-हाथरस ईएमयू, उत्तर रेलवे ने तैयारियां पूरी की, जानें लोकल ट्रेनों का टाइम टेबल

Google Image | 1 मार्च से दिल्ली-हाथरस ईएमयू ट्रेनें चलेंगी

उत्तर रेलवे अपने स्थानीय यात्रियों को बड़ा तोहफा देने जा रहा है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में 1 मार्च से ईएमयू पैसेंजर ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा। इससे राजधानी दिल्ली से हाथरस, अलीगढ़, बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद की नियमित सवारी करने वाले हजारों मुसाफिरों को बड़ी राहत मिलेगी। इन जिलों से दिल्ली आने वाले रोजमर्रा के यात्रियों की मुश्किल खत्म हो जाएगी। पिछले साल मार्च, 2020 के अंतिम हफ्ते में कोरोना महामारी की वजह से अलीगढ़, हाथरस और दिल्ली के बीच चलने वाली मेमो पैसेंजर ट्रेन का संचालन बंद कर दिया गया था। 

तब से अब तक इन ट्रेनों को पटरी पर नहीं लाया गया है। मगर अब उत्तर रेलवे ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। 1 मार्च से इन ट्रेनों का परिचालन फिर से शुरू हो जाएगा। ये ईएमयू फिर से रफ्तार पकड़ेंगी। इन रूट पर यात्रा करने वाले उत्तर प्रदेश के 5 जिलों के हजारों दैनिक रेल यात्रियों को इसका फायदा मिलेगा। हालांकि किराए के लिहाज से मुसाफिरों को नुकसान होगा। क्योंकि इन ट्रेनों के लिए भी एक्सप्रेस ट्रेनों के बराबर किराया देना होगा।

नियमित मुसाफिरों को होती है परेशानी
कोरोना महामारी से हुए लॉकडाउन के बाद सभी लोकल ट्रेनें बंद हो गई थीं। लेकिन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सामान्य जनजीवन शुरू हो गया है। कामकाज चलने लगे हैं। यूपी के 5 जिलों के लोग रोजगार की तलाश और नौकरी के लिए दिल्ली और गौतमबुद्ध नगर आने लगे हैं। उन सबके सामने एक बड़ी चुनौती यातायात के साधनों की थी। क्योंकि इस रूट पर ज्यादातर मुसाफिर लोकल इएमयू पैसेंजर ट्रेनों से ही नियमित सफर करते हैं। 

यात्रियों ने की मांग
इन ट्रेनों का संचालन बंद होने की वजह से उन्हें भारी असुविधा हो रही थी। गत कुछ महीनों में हजारों मुसाफिरों ने इस संबंध में नॉर्दन रेलवे को चिट्ठी लिखी और लोकल ईएमयू को चलाने की मांग की थी। इसका संज्ञान लेते हुए उत्तर रेलवे ने 1 मार्च से इन ट्रेनों को चलाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए ट्रेनों की समय सारणी भी जारी हो गई है। 

इन समय पर चलेंगी ट्रेनें
दनकौर रेलवे स्टेशन के अधीक्षक डीके गौतम ने ईएमयू की समय सारणी के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हाथरस किला स्टेशन से पुरानी दिल्ली तक संचालित होने वाली ईएमयू पैसेंजर ट्रेन सुबह 06:10 बजे चलकर सासनी, मडराक, दाउद खां के बाद 06:47 बजे अलीगढ़ स्टेशन पहुंचेगी। इसके बाद यह ट्रेन महरावल, कुलवा, सोमना होते हुए सुबह दस बजे नई दिल्ली स्टेशन पहुंचेगी। 

वापसी में यह ट्रेन 05:55 बजे चलकर 08:40 बजे अलीगढ़ स्टेशन पहुंचेगी। हाथरस में रात 09:20 बजे पहुंचेगी। अलीगढ़ से नई दिल्ली के बीच चलने वाली ईएमयू पैसेंजर ट्रेन सुबह 06:20 बजे चलेगी। यह सुबह 09: 25 नई दिल्ली स्टेशन पहुंचेगी। नई दिल्ली से शाम 06:20 पर चलकर रात 09:10 बजे अलीगढ़ स्टेशन पहुंचेगी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.