राजधानी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना वाले पोस्टर चिपकाना पड़ा महंगा, 21 FIR दर्ज, 17 गिरफ्तार

कार्रवाई : राजधानी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना वाले पोस्टर चिपकाना पड़ा महंगा, 21 FIR दर्ज, 17 गिरफ्तार

राजधानी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना वाले पोस्टर चिपकाना पड़ा महंगा, 21 FIR दर्ज, 17 गिरफ्तार

Google Image | राजधानी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना वाले पोस्टर चिपकाना पड़ा महंगा

  • पोस्टर चिपकाने को लेकर अब तक 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है
  • इन पर लिखा था, ‘मोदी जी हमारे बच्चों की वैक्सीन विदेश क्यों भेज दी’
  • शिकायतों के आधार पर दिल्ली पुलिस ने विभिन्न जिलों में 21 एफआईआर दर्ज की है
  • पता लगाया जा रहा है कि किसकी शह पर शहर के विभिन्न स्थानों पर ये पोस्टर लगाए गए
  • शख्स ने दावा किया है कि उसे तीन पोस्टर चिपकाने के लिए 500 रुपये दिए गए
कोरोना महामारी से कराह रहे देश की राजधानी में राजनीति भी अपने चरम पर है। दिल्ली में सत्तारुढ़ आम आदमी पार्टी लगातार केंद्र सरकार पर विदेश में वैक्सीन भेजने को लेकर हमलावर है। पार्टी के नेता, मंत्री और मुख्यमंत्री रोजाना इस बारे में डिजिटल प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं। बात इतनी आगे बढ़ गई कि राजधानी दिल्ली की सड़कों, गलियों और चौक पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आलोचना वाले पोस्टर चिपकाए गए। इस मामले में दिल्ली पुलिस सख्त रुख अपना रही है। पोस्टर चिपकाने को लेकर अब तक 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 

21 FIR दर्ज हुईं
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने शनिवार बताया कि गुरुवार को पुलिस को पोस्टर के बारे में सूचना मिली। इसके बाद जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया। शिकायतों के आधार पर दिल्ली पुलिस ने विभिन्न जिलों में 21 एफआईआर दर्ज की है। ये पोस्टर शहर के कई हिस्सों में लगाए गए थे। इन पर लिखा था, ‘मोदी जी हमारे बच्चों की वैक्सीन विदेश क्यों भेज दी।’ एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है। 

राजधानी के हर जिले में दर्ज हुए मामले
पता लगाया जा रहा है कि किसकी शह पर शहर के विभिन्न स्थानों पर ये पोस्टर लगाए गए। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। उत्तर-पूर्वी दिल्ली में इससे जुड़े तीन मामले दर्ज हुए हैं। वहां से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। तीन FIR पश्चिम दिल्ली में और तीन FIR बाहरी दिल्ली में दर्ज हुई है। सेंट्रल दिल्ली में दो प्राथमिकियां दर्ज की गईं हैं। यहां चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। दो मामले रोहिणी में दर्ज हुए हैं। यहां दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 

तीन पोस्टर चिपकाने के लिए 500 रुपये दिए गए 
एक अन्य प्राथमिकी पूर्वी दिल्ली में पंजीकृत हुई है और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एक प्राथमिकी द्वारका में पंजीकृत हुई है। यहां पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने बताया कि एक प्राथमिकी उत्तरी दिल्ली में पंजीकृत हुई है। यहां एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कहा कि इस शख्स ने दावा किया है कि उसे तीन पोस्टर चिपकाने के लिए 500 रुपये दिए गए। एक अन्य मामला शाहदरा में दर्ज हुआ है। यहां पुलिस ने पोस्टर लगाते हुए सीसीटीवी फुटेज हासिल किया है। इससे आरोपियों की पहचान कर उनकी धरपकड़ की कोशिश जारी है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.