दिल्ली - एनसीआर को देंगे नमो भारत की बड़ी सौगात, आनंद विहार- अशोक नगर स्टेशन पर मिलेंगी ये सुविधाएं

गाजियाबाद में पीएम मोदी : दिल्ली - एनसीआर को देंगे नमो भारत की बड़ी सौगात, आनंद विहार- अशोक नगर स्टेशन पर मिलेंगी ये सुविधाएं

दिल्ली - एनसीआर को देंगे नमो भारत की बड़ी सौगात, आनंद विहार- अशोक नगर स्टेशन पर मिलेंगी ये सुविधाएं

Tricity Today | Symbolic Image

Ghaziabad News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सवा 11 बजे दिल्ली- एनसीआर को बड़ी सौगात देंगे। पीएम मोदी साहिबाबाद आरआरटीएस स्टेशन से नमो भारत में सवारी करते हुए दिल्ली जाएंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री यात्रियों से बातचीत भी करेंगे। नमो भारत के दिल्ली में प्रवेश करने के बाद मेरठ देश की राजधानी दिल्ली से सीधे जुड़ जाएगा। मेरठ से चलकर करीब 35 मिनट में दिल्ली के आनंद विहार और 40 मिनट में न्यू अशोक नगर पहुंचना संभव हो जाएगा। बस के जरिए इस दूरी को तय करने में करीब दो घंटे का समय लगता है। देश में सबसे तेज गति से चलने वाली नमो भारत ट्रेन ने “गति से प्रगति” के नए आयाम खोलने का काम किया है।

नोएडा जाना होगा आसान
मेट्रो से गाजियाबाद वालों को नोएडा जाने के लिए दिल्ली से होकर जाना पड़ता था। यमुना बैंक पर मेट्रो बदलनी पड़ती थी और इसके लिए गाजियाबाद वालों को पहले वैकल्पिक साधनों से वैशाली मेट्रो स्टेशन तक जाना पड़ता था। अब नोएडा पहुंचने में गाजियाबाद वालों को बड़ी सहुलियत होने जा रही है। रविवार शाम पांच बजे से नमो भारत ट्रेन में सवार होकर न्यू अशोक नगर से सीधे नोएडा जा सकेंगे। नमो भारत के जरिए नोएडा जाने में समय की बड़ी बचत होगी।



आनंद विहार RRTS स्टेशन पर मिलेंगी ये सुविधाएं
➤ आनंद विहार RRTS स्टेशन नमो भारत कॉरिडोर के सबसे बड़े स्टेशनों में से एक है। यात्री यहां से मेरठ साउथ की यात्रा महज़ 35 मिनट में तय कर सकेंगे।
➤ इस स्टेशन को इस प्रकार डिज़ाइन किया गया है कि यह सार्वजनिक परिवहन के मौजूदा 6 माध्यमों के बीच मल्टी-मॉडल इंटीग्रेशन की सुविधा प्रदान करेगा। इसमें स्वामी विवेकानंद (आनंद विहार) और कौशांबी स्थित आईएसबीटी, मेट्रो के दो कॉरिडोर (पिंक और ब्लू लाइन), आनंद विहार रेलवे स्टेशन और सिटी बस स्टैंड शामिल हैं।
➤ इस स्टेशन के माध्यम से मेरठ एवं दिल्ली के यात्री मेट्रो, आईएसबीटी और रेलवे स्टेशन द्वारा देश के किसी भी कोने में निर्बाध यात्रा कर सकेंगे।
➤ यात्रियों की निर्बाध, सुविधाजनक और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए स्टेशन पर अलग-अलग प्रवेश एवं निकास द्वार तथा एफओबी की सुविधा प्रदान की गई है।
➤ यात्रियों की सुविधा के लिए आनंद विहार स्टेशन को ग्राउंड लेवल से महज़ 8 मीटर की गहराई पर बनाया गया है। इतनी गहराई पर कॉरिडोर को संभव बनाने के लिए, इसका निर्माण आनंद विहार से गुज़रने वाली मेट्रो लाइनों के बेसमेंट के नीचे से किया गया है। यह निर्माण और सिविल इंजीनियरिंग के दृष्टिकोण से एक बेहद पेचीदा काम है, लेकिन यात्री सुविधा के लिए प्रतिबद्ध एनसीआरटीसी ने नई तकनीकों, रणनीतिक योजना एवं अभिनव तरीकों का प्रयोग कर इसे संभव बनाया है।
➤ इस स्टेशन में वाहनों और पैदल यात्रियों के आवागमन के लिए विशेष व्यवस्था के तहत, गाजीपुर ड्रेन के ऊपर तीन पुल मार्ग बनाए गए हैं। इनमें से दो पुलों का प्रयोग वाहनों के प्रवेश एवं निकास के लिए और एक पुल का प्रयोग विशिष्ट रूप से पैदल यात्रियों के आवागमन के लिए निर्धारित किया गया है।
➤ 297 मीटर लंबे और 35 मीटर चौड़े इस स्टेशन के बाहरी स्ट्रक्चर को ग्रे रंग के फसाड से आवृत किया गया है और स्टेशन के अंदर दीवारों और पिलर्स को विट्रियस एनेमल पैनल से सजाया गया है। स्टेशन के अंदर, कॉनकोर्स से प्लेटफॉर्म लेवल तक जाने के लिए सीढ़ियों के साथ लिफ्ट एवं एस्केलेटर्स की सुविधा प्रदान की गई है।
➤ यह स्टेशन आस-पास के इलाकों जैसे श्रेष्ठ विहार, रामप्रस्थ, बृज विहार और सूरजमल विहार के साथ-साथ दिल्ली और देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले यात्रियों के लिए भी सुविधा प्रदान करेगा।

न्यू अशोक नगर स्टेशन
➤ न्यू अशोक नगर दिल्ली सेक्शन पर परिचालित होने वाला पहला एलिवेटेड नमो भारत स्टेशन है। यहां पर दिल्ली-गाज़ियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर, न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन को 20 मीटर की ऊँचाई पर क्रॉस करता है। इतनी ऊँचाई पर पहले से स्थित एवं परिचालित मेट्रो स्टेशन के ऊपर से, बिना सेवा बाधित किए निर्माण करना इंजीनियरिंग की दृष्टि से एक बहुत बड़ी उपलब्धि है।
➤ इस स्टेशन को 90 मीटर लंबे एफओबी के माध्यम से दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन के साथ जोड़ा गया है। यात्री स्टेशन से बाहर सड़क पर निकले बिना ही, निर्बाध रूप से मेट्रो के न्यू अशोक नगर स्टेशन पहुँच सकेंगे। यही कारण है यह स्टेशन मेरठ से नोएडा तक की यात्रा में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस स्टेशन से यात्री महज़ 40 मिनट में मेरठ साउथ पहुँच सकेंगे ।
➤ इस स्टेशन के आसपास के इलाकों जैसे न्यू अशोक नगर, मयूर विहार, वसुंधरा और चिल्ला गांव के यात्रियों की सुविधा के लिए दो प्रवेश निकास द्वार का निर्माण किया गया है।
➤ यात्रियों की सुविधा और सार्वजनिक परिवहन साधनों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए यहाँ 2 पार्किंग का भी निर्माण किया गया है जिसकी कुल वाहन क्षमता लगभग 500 वाहनों से अधिक है।
➤ ट्रेन सेवाओं के साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए यहां वाणिज्यिक केंद्र बनाने की भी योजना बनाई गई है।नमो भारत परियोजना का निर्माण यात्री-सुविधाओं को केंद्र में रखकर किया गया है। इसी क्रम में, सभी वर्गों के लिए सुलभ और सुरक्षित पहुँच सुनिश्चित करने के लिए, बुजुर्गों, बच्चों, दिव्यांगजनों और महिलाओं सहित विभिन्न जनसांख्यिकी की ज़रूरतों पर विशेष ध्यान दिया गया है।
➤ नमो भारत स्टेशन परिसर में मुफ़्त पीने का पानी और शौचालय उपलब्ध हैं। स्टेशनों के अंदर और आसपास चौबीसों घंटे निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा, स्टेशनों पर डेडिकेटेड पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ क्षेत्र बनाए गए हैं। स्टेशनों पर व्हीलचेयर और स्ट्रेचर को आसानी से लाने-ले जाने लिए रैंप एवं विशिष्ट, बड़ी लिफ्टें लगाई गई हैं।
➤ दृष्टिबाधित यात्रियों की सुविधा के लिए, स्टेशन के डिज़ाइन में टैकटाइल पाथ को शामिल किया गया है, जो नेविगेशन में सहायता करने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं।

Copyright © 2024 - 2025 Tricity. All Rights Reserved.