पहलवान सुशील कुमार ने तिहाड़ जेल प्रशासन से टीवी लगवाने की मांग की, बताई ये वजह

Tihar Jail News: पहलवान सुशील कुमार ने तिहाड़ जेल प्रशासन से टीवी लगवाने की मांग की, बताई ये वजह

पहलवान सुशील कुमार ने तिहाड़ जेल प्रशासन से टीवी लगवाने की मांग की, बताई ये वजह

Tricity Today | तिहाड़ जेल में शिफ्ट के दौरान सुशील कुमार

हत्या के आरोप में तिहाड़ जेल में बंद पहलवान सुशील कुमार ने जेल प्रशासन से टीवी की मांग की है। कुमार ने कहा कि वह एक पहलवान हैं और रेस्लिंग के बारे में जानकारी रखना उनके लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा है कि जेल में उनका मन नहीं लग रहा। अगर उन्हें टीवी मिल जाए, तो उनका मन भी लगेगा। साथ ही वद कुश्ती के बारे में अपडेटेड रहेंगे। इस संबंध में सुशील ने तिहाड़ जेल प्रशासन को खत लिखा है। तिहाड़ जेल प्रशासन की तरफ से इस बारे में जानकारी दी गई है। 

जेल प्रशासन ने कहा है कि उन्हें कुमार का अनुरोध पत्र मिला है। इसमें उन्होंने टीवी की मांग की है। इस पर बाद में फैसला लिया जाएगा। बताते चलें कि सुशील कुमार पर 23 साल के पहलवान सागर धनखड़ के हत्या का आरोप है। इसी साल दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में सागर राणा की हत्या हुई थी। इस सिलसिले में सुशील कुमार को गिरफ्तार किया गया था। हाल ही में उन्हें सुरक्षा के लिहाज से तिहाड़ जेल में शिफ्ट किया गया था। 

पिछले हफ्ते किया गया शिफ्ट
पहलवान सागर हत्याकांड में मुख्य आरोपी सुशील कुमार को पिछले हफ्ते शुक्रवार को ही तिहाड़ जेल में शिफ्ट किया गया था। उससे पहले सुशील कुमार को मंडोली जेल में शिफ्ट किया गया था। तिहाड़ में उन्हें जेल नंबर 2 में रखा गया है। जेल प्रशासन के मुताबिक ये रूटीन प्रक्रिया थी। मगर माना जा रहा है कि सुरक्षा कारणों से सुशील को तिहाड़ जेल में शिफ्ट किया गया है। जब शुक्रवार की दोपहर उन्हें मंडोली से तिहाड़ जेल में शिफ्ट किया जा रहा था, तब उनके साथ फोटो खिंचवाने और सेल्फी लेने वालों की भीड़ जमा रही। इस दौरान 2 गज की दूरी का भी ध्यान नहीं रहा। 

कोविड प्रोटोकॉल का हुआ उल्लंघन
पुलिसकर्मी ही कोरोना प्रोटोकॉल का उल्लंघन करते दिखाई दिए। हत्या के आरोपी सुशील कुमार के साथ फोटो खिंचवाने के लिए होड़ लगी रही। पुलिस वालों ने ही जमकर सेल्फी ली। असलहा लटकाए पुलिसकर्मियों से लेकर कैदियों की सुरक्षा में तैनात गार्ड, हर किसी ने सुशील के साथ फोटो खिंचवाया। सेल्फी ली। इस पूरे दौरान सुशील कुमार मुस्कुराते नजर आए। ऐसा लगा नहीं कि वह एक जेल से दूसरे जेल में शिफ्ट किए जा रहे थे। जैसे ही सोशल मीडिया पर ये फोटो पहुंची, जबरदस्त रिएक्शन आने लगे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.