बाइक खड़ी करने के विवाद में हत्या, बचाने आई पत्नी पर भी जानलेवा हमला

Delhi News : बाइक खड़ी करने के विवाद में हत्या, बचाने आई पत्नी पर भी जानलेवा हमला

बाइक खड़ी करने के विवाद में हत्या, बचाने आई पत्नी पर भी जानलेवा हमला

Google Image | Symbloic Image

Delhi News : बाइक खड़ी करने के दौरान हुए मामूली विवाद को लेकर कुछ युवकों ने सरिता विहार में एक युवक के घर में घुसकर हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी। अपने पति को बचाने आई महिला पर भी युवकों ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले के दौरान मृतक के 15 वर्षीय बेटे ने किसी तरह घर में छुपकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी सहित दो की तलाश की जा रही है।

कैसे हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के सरिता विहार इलाके के आली बिहार में 36 वर्षीय अरविंद मंडल अपने परिवार के साथ रहते थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी रेखा मंडल, उनके पिता, 15 वर्षीय बेटा सहित अन्य सदस्य हैं। अरविंद मंडल प्राइवेट नौकरी करते थे। बताया गया है कि शुक्रवार शाम को अरविंद मंडल अपने बेटे के साथ बाइक पर सवार होकर कहीं से लौट रहे थे। इस दौरान प्रियंका कैंप, सरिता विहार के पास बाइक खड़ी करने को लेकर मनोज हल्दर नामक युवक से विवाद हो गया था। विवाद के दौरान मनोज ने अरविंद को देख लेने की धमकी दी थी। दोनों के बीच विवाद बढ़ता देख वहां मौजूद अन्य लोगों ने बीच बचाव कर दोनों को दिया शांत कराया था।

रात के समय युवकों ने घर पर किया हमला
आरोप है कि विवाद के बाद रात के समय कुछ युवकों ने अरविंद मंडल के घर हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने अरविंद पर चाकुओं से कई वार कर दिए, जिससे अरविंद की मौत हो गई। अरविंद को बचाने आई उनकी पत्नी रेखा को भी आरोपियों ने गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दौरान उनके 15 वर्षीय बेटे ने किसी तरह घर में छुपकर जान बचाई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सिर में चोट लगने से घायल हुई रेखा मंडल को अस्पताल में भर्ती कराया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

चार को किया गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजू, रवि उर्फ गुल्लू, शंभू और एक नाबालिग है। इस मामले में मुख्य आरोपी मनोज और उसका एक साथी विजय अभी फरार है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। इसके अलावा पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरो की मदद से भी जांच करने में जुटी है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.