प्रॉपर्टी डीलर के साथ फर्जीवाड़ा, लगाया 24 लाख का चूना

खोसला का घोसला: प्रॉपर्टी डीलर के साथ फर्जीवाड़ा, लगाया 24 लाख का चूना

प्रॉपर्टी डीलर के साथ फर्जीवाड़ा, लगाया 24 लाख का चूना

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो

गाजियाबाद के विजय नगर क्षेत्र में एक प्रॉपर्टी डीलर को कुछ लोगों ने 24 लाख रुपए का चूना लगा दिया। अब प्रॉपर्टी डीलर ने मामले में एफआईआर दर्ज करवाई है। मिली जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने फर्जी एनओसी तैयार कर चूना लगा दिया। कार का लेन देन होने के बाद छानबीन की गई तो इस गड़बड़झाले का खुलासा हुआ है। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। 

पुलिस का कहना है कि तहकीकात कर रहे हैं। मामले में कार्रवाई की जा रही है। सेक्टर-12 प्रताप विहार में रहने वाले कालूराम यादव प्रॉपर्टी डीलर हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें अपने बेटे रोहित के लिए कार लेनी थी। रोहित को किसी व्यक्ति ने दिल्ली के रोहिणी निवासी अभिषेक सिंह कलसी से मिलवाया था। जिस पर अभिषेक सिंह कलसी ने बताया कि एक कार जैगुआर उनके भाई हरमीत सिंह के पास है। जिसे वह देखना चाहते हैं। कालूराम यादव ने बताया कि कार देखी गई तो वह पसंद आ गई। बातचीत के बाद कार का सौदा 24 लाख रुपए में हो गया। रकम देकर कार खरीद ली गई। 

हरमीत सिंह और अभिषेक सिंह कलसी ने आश्वासन दिया कि कार के सभी दस्तावेज और एनओसी के अलावा ट्रांसफर आदि के दस्तावेज उन्हें जल्द उपलब्ध करवा दिए जाएंगे। कालूराम यादव ने बताया कि बाद में रोहिणी के बैंक में जाकर कार को फाइनेंस करने के बारे में जानकारी की गई। पता चला कि एनओसी फर्जी और कूटरचित है। उनके साथ ठगी की गई है। आरोप है कि इस पर हरमीत सिंह और अभिषेक सिंह कलसी को फोन मिलाया गया। उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। कालूराम यादव ने बताया कि उनके साथ हुई ठगी के मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए वह विजय नगर थाने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की।

इसके बाद उन्होंने मामले से आला अधिकारियों को अवगत कराया। बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद उन्हें कोर्ट की शरण लेनी पड़ी। कोर्ट के आदेश के बाद अब कहीं जाकर पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज की है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.