Ghaziabad : आगामी विधानसभा चुनाव से पहले गाजियाबाद की भोजपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गाजियाबाद पुलिस ने हथियारों की फैक्ट्री का खुलासा किया है, जहां से भारी मात्रा में अवैध बने और अधबने हथियारों के साथ उन्हें बनाने वाला सामान भी मिला है। अलीगढ़ का रहने वाला एक शख्स इस अवैध हथियार फैक्टरी को चला रहा था। जिसे गिरफ्तार किया गया है।
40 हथियार बरामद, फैक्ट्री पर मारा छापा
यह फैक्ट्री भोजपुर में बंद मकान में चल रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बंद पड़े मकान पर जब छापा मारा तो पुलिस को मौके पर 40 बने अधबने तमंचे और भारी मात्रा में इन्हें बनाने का सामान बरामद किया है। पुलिस ने हथियारों को बनाने वाले एक युवक को भी गिरफ्तार किया है, जो ऑन डिमांड हथियारों को सप्लाई किया करता था।
अलीगढ़ का रहने वाला है आरोपी
एसपी देहात ईरज राजा ने बताया कि यह युवक आगामी चुनाव के दौरान तमंचो की सप्लाई और तमंचो को खापने के फिराक में था। आगामी विधानसभा चुनाव को प्रभावित करने के लिए इन हथियारों को बेचने के लिए यह आरोपी लगा हुआ था। गिरफ्तार बदमाश अलीगढ़ का रहने वाला सुभाष खटीक है। पुलिस के मुताबिक शातिर अपराधी हथियारों को अलीगढ़ में बनाता था और दिल्ली-एनसीआर में बंद पड़े मकानों की तलाश कर वहां हथियारों को बनाने और असेंबल करने का काम करता था। पहले वह अलीगढ़ के बिहारीनगर स्थित अपने घर पर हथियार बनाने के कच्चे माल से हथियार तैयार करता है, इसके बाद विभिन्न जिलों में हथियारों की डिलीवरी करता है।
ऑन डिमांड करता था सप्लाई
ईरज राजा ने बताया कि यह शख्स शुक्रवार रात करीब पौने तीन बजे भोजपुर थाना क्षेत्र में मछरी चौक पट्टी गांव की तरफ एक अर्द्धनिर्मित मकान में रॉ मैटेरियल से हथियारों की फिटिंग कर रहा था। उसी दौरान पुलिस ने छापा मारकर इसको पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ थाना सासनी गेट में आर्म्स एक्ट और जानलेवा हमले से मुकदमे दर्ज हैं। भोजपुर थाने में इसके खिलाफ आर्म्स एक्ट का मुकदमा पंजीकृत किया गया है। उन्होंने बताया कि यह व्यक्ति ऑन डिमांड हथियार सप्लाई करता है। इसके संपर्क कई सप्लायरों से मिले हैं। उनके बारे में भी जानकारी की जा रही हैं।