गाजर का हलवा बन जाता सजा, नकली घी बनाने की फैक्ट्ररी का भंडाफोड़, जानिए कैसे होता था काला धंधा

गाजियाबाद : गाजर का हलवा बन जाता सजा, नकली घी बनाने की फैक्ट्ररी का भंडाफोड़, जानिए कैसे होता था काला धंधा

गाजर का हलवा बन जाता सजा, नकली घी बनाने की फैक्ट्ररी का भंडाफोड़, जानिए कैसे होता था काला धंधा

Google Image | नकली घी बनाने की फैक्ट्ररी का भंडाफोड़

Ghaziabad : ठंड आते ही गाजर के हलवे की बात शुरू हो जाती है, गाजर का हलवा देसी घी में बनता है। कुछ लोग नकली देसी घी बनाकर लोगों को बेचने का काम कर रहे हैं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने नकली घी बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। अधिकारियों का दावा है कि नकली घी तैयार करने में वनस्पति, रिफाइंड और गुर्दों को नुकसान पहुंचाने वाले केमिकल का प्रयोग किया जा रहा था। ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली उत्पाद बनाने में दो आरोपियों को पुलिस हिरासत में भी लिया है। मामले में कंपनियों की ओर से खोड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।

तीन ब्रांडेड कंपनियों की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने नकली घी और मक्खन बनाने वालों पर शिकंजा कसा। विभाग की टीमें तीन दिन पहले से नकली ग्राहक बनकर सप्लायर ऑर्डर देकर घी तैयार कराती रहीं। इसके बाद मंगलवार को खोड़ा कॉलोनी में सबसे पहले सप्लायर के यहां विभाग ने पुलिस के साथ छापेमारी की। वंदना एंक्लेव में नीरज नाम के सप्लायर के यहां छापा मारकर घी की तीन पेटी और तीन नकली मक्खन की तीन पेटी बरामद कीं। 

नीरज से मिली सूचना पर विभाग की टीमें अनिल विहार क्षेत्र में घी की दुकान पर पहुंचीं। आपूर्तिकर्ताओं के यहां छापे में मिली जानकारी के बाद अधिकारी खोड़ा विहार में चल रही नकली घी की फैक्टरी पर पहुंचे। यहां से नकली घी बनाने में प्रयोग होने वाला 390 किलो रिफाइंड (कीमत 58,500), 5,100 किलो वनस्पति घी (कीमत 7,65,000), ब्रांडेड कंपनियों के रैपर, सिलिंडर, गैस चूल्हा, पैकिंग मशीनें, खाली डिब्बे बरामद किए। 

मौके से रंजीत नाम के आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। अधिकारियों ने फैक्टरी को सील कर दिया। राजीव विहार में राजकुमार नाम के व्यक्ति के मकान से अधिकारियों ने मक्खन का नमूना लिया और तीन पेटी मक्खन को नकली होने के संदेह में जब्त कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि नकली घी तैयार करने वाले आरोपी गाजियाबाद के अलावा दिल्ली, नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में इसकी सप्लाई कर रहे थे। 

घी में वनस्पति और रिफाइंड को मिलाकर एक केमिकल का इस्तेमाल भी किया जा रहा था। कंपनियों की शिकायत पर उनके प्रतिनिधियों और पुलिस के साथ कार्रवाई की है। पांच स्थानों पर छापा मारकर 9 सैंपल लिए हैं। साढ़े नौ लाख का माल इन स्थानों से जब्त किया गया है। इस मामले में कंपनियों की ओर से थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.