गिरते तापमान की वजह से बढ़ी ठंड, नगर निगम 24 स्थानों पर करेगा अलाव की व्यवस्था

राहत की आग: गिरते तापमान की वजह से बढ़ी ठंड, नगर निगम 24 स्थानों पर करेगा अलाव की व्यवस्था

गिरते तापमान की वजह से बढ़ी ठंड, नगर निगम 24 स्थानों पर करेगा अलाव की व्यवस्था

Google Image | प्रतीकात्मक तस्वीर

पिछले तीन दिनों से लगातार तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। इसकी वजह से दिल्ली-एनसीआर में ठंड बढ़ गई है। इसको ध्यान में रखते हुए गाजियाबाद नगर निगम शहर के 24 स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था करेगा। इसमें पांचों जोन के आश्रय स्थल और सार्वजनिक स्थान शामिल हैं।

मुसाफिरों को ध्यान में रखते हुए बस अड्डे और रेलवे स्टेशनों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। इसके लिए निगम ने टेंडर जारी कर दिया है। निगम ने उम्मीद जताया है कि एक-दो दिनों में चिन्हित स्थानों पर अलाव जलने लगेगा। आधा दर्जन आश्रय स्थलों पर नगर निगम पहले ही अलाव की व्यवस्था कर चुका है।

नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि निगम के पांच जोन में आश्रय स्थलों पर सर्दी से बचने के लिए पहले से ही अलाव की व्यवस्था की गई है। इनमें सिटी जोन के पुराना बस अड्डा आश्रय स्थल, नया बस अड्डा आश्रय स्थल, मालीवाड़ा आश्रय स्थल एवं लाल क्वार्टर आश्रय स्थल शामिल है। उन्होंने बताया कि कविनगर जोन में चार स्थानों पर अलाव जलाया जाएगा। इनमें विवेकानंद नगर आश्रय स्थल, राजनगर आश्रय स्थल प्रमुख हैं।

विजय नगर जोन में तीन स्थानों मिर्जापुर आश्रय स्थल, प्रताप विहार सेक्टर-12 आश्रय स्थल, बिहारीपुरा आश्रय स्थल शामिल हैं। मोहन नगर जोन में 6 स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की जा रही है। वसुंधरा जोन में नगर निगम चार जगहों पर अलाव की व्यवस्था करेगा। उन्होंने बताया कि संबंधित विभाग ने इसके लिए टेंडर जारी कर दिया है। एक-दो दिनों में सार्वजनिक स्थानों एवं आश्रय स्थलों पर लोगों को सर्दी से राहत मिलने लगेगी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.