अक्षत कलश यात्रा में भगवाधारी हुए भक्त

गाजियाबाद में गूंजा जय श्री राम : अक्षत कलश यात्रा में भगवाधारी हुए भक्त

अक्षत कलश यात्रा में भगवाधारी हुए भक्त

Tricity Today | अक्षत कलश यात्रा

Ghaziabad News : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की रचना के अनुसार गाजियाबाद में राम मंदिर स्थापना को लेकर घर-घर पूजित अक्षत वितरण किया जाना है। इस दौरान प्राण प्रतिष्ठा में हर-घर की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अक्षत कलश यात्रा का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ गंगानगर द्वारा नगर संघचालक के निर्देशन में अयोध्या में राम मंदिर में पूजित होकर गाजियाबाद पहुंचे। अक्षत कलश की यात्रा निकाली गई। यात्रा संघ कार्यालय संजय नगर के एल ब्लॉक से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार से होते हुए एफ ब्लॉक स्थित हनुमान मंदिर निकट रामलीला मैदान संजय नगर तक पहुंची। यात्रा का जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। यात्रा के दौरान लोगों ने जय श्री राम के जयकारे लगाए।

अक्षत कलश की पूजा अर्चना
मंदिर के पुजारी सुरेन्द्र महाराज ने कलश की स्थापना कराई। संघ के स्वयंसेवकों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया और राम स्तुति की गई। महिलाओं और भक्तों ने आरती उतारकर अक्षत कलश की पूजा अर्चना की। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पूरे क्षेत्र के लोग गाजे बाजे एवं आतिशबाजी के साथ कलश यात्रा को लेकर क्षेत्र भ्रमण में उपस्थित रहे। संघ के कार्यकर्ताओं ने सभी राम भक्तों को आमंत्रित करते हुए प्रत्येक दिन आने वाली 24 तारीख तक अक्षत कलश की पूजा अर्चना करने का संकल्प लिया। इसके लिए प्रतिदिन मंदिर में आकर कलश की पूजा अर्चना करने का सभी को न्यौता दिया गया।

घर-घर जाएगा निमंत्रण
नगर संघचालक ब्रह्मपाल ने कहा कि 22 जनवरी 2024 को राम लला नव निर्मित भव्य मंदिर में विराजमान होंगे। इस दिन अयोध्या में भव्य आयोजन होगा। जिसका पूरा विश्व साक्षी बनेगा। अयोध्या में पूजित अक्षत पीले चावल, पत्रक और राम का चित्र निमंत्रण स्वरूप घर-घर पहुंचाया जा रहा है। संघ कार्यकर्ता घर-घर जाकर इस अक्षत कलश के पूजित अक्षत को पहुंचाने का काम करेगें। अपनी जिम्मेदारी संघ कार्यकर्ता बखूबी निभाने के लिए संकल्पबद्ध हैं। संघ के अनुसार ये अक्षत कलश श्री हनुमान मंदिर में 1 सप्ताह रहेगा। संघ ने सर्व हिंदू समाज से आह्वान किया कि दैनिक परिवार सहित मंदिर में जाकर उसका पूजन करना किया जाना है।

एक लाख निमंत्रण
22 जनवरी को अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा होगी। इससे पहले गाजियाबाद में एक लाख पुजित अक्षत कलश में पीले चावल के साथ निमंत्रण दिया जाना है। सभी से आग्रह किया गया है कि उस दिन दीपोत्सव मनाएं। इस अवसर पर मुख्य नगर संघचालक ब्रह्म पाल, प्रोफेसर नरेंद्र मोहन मिश्रा, भाग कार्यवाह शुभम् , नगर विस्तारक पवन कुमार , संदीप मुद्गल, चेतन, डॉक्टर पंकज, शशांक नगर शारीरिक प्रमुख, अनुज पुरी भाग विद्यार्थी प्रमुख, आयुष नगर विद्यार्थी प्रमुख, पार्षद कपिल वशिष्ठ, अशोक गोयल, प्रदीप चौधरी, ओम दत्त कौशिक आदि संघ कार्यकर्ता, समाज सेवी, कारोबारी आदि मौजूद रहे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.