पंडाल की अनोखी भव्यता देखने आ रहे लोग

गाजियाबाद में चंद्रयान की थीम पर बन रहा दुर्गा पूजा का पंडाल : पंडाल की अनोखी भव्यता देखने आ रहे लोग

 पंडाल की अनोखी भव्यता देखने आ रहे लोग

Tricity Today | चंद्रयान की थीम पर बन रहा दुर्गा पूजा का पंडाल

Ghaziabad News : गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में चंद्रयान की थीम पर दुर्गा पूजा पंडाल बनाया जा रहा है। क्रॉसिंग रिपब्लिक बंगाली कल्चरल एसोसिएशन द्वारा इसे 'मून कॉलिंग अर्थ' नाम दिया गया है। आसपास से जो भी गुजरता है, वह पंडाल को देखकर चौंक जाता है, हालांकि अभी पंडाल पूरी तरह से तैयार नहीं हुआ है, लेकिन इसकी भव्यता लोगों को अपनी तरफ आकर्षित कर रही है।

भव्यता देखने आ रहे लोग
दुर्गा पूजा के लिए बनाया जा रहा यह भव्य पंडाल लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। कई खूबियों के साथ इसे बनाया जा रहा है। बता दें कि जून, जुलाई में इसकी तैयारी शुरू हो गई थी। अगस्त माह से 30 से 40 कुशल कारीगर इसे तैयार कर रहे हैं। यह पहले नवरात्रि तक बनकर तैयार हो जाएगा। चंद्रयान की प्रतिकृति को बनाने के लिए इस पर दो लाख रुपए से अधिक का खर्च आएगा। इसे और अधिक रियलिस्टिक बनाने के लिए कारीगर पूरी शिद्दत से लगे हुए हैं। दुर्गा पूजा पंडाल की खासियत यह होगी कि पंडाल में लैंडर और रोवर के अलावा मून जैसा वातावरण भी बनाया जाएगा। जहां एक एस्ट्रोनॉट की ड्रेस में व्यक्ति घूमता नजर आएगा। 

कई राज्यों के कारीगर कर रहे तैयार
इस दौरान क्रॉसिंग रिपब्लिक बंगाली कल्चरल एसोसिएशन के प्रतिनिधि सोमन चटर्जी ने बताया कि चंद्रयान की रिप्लिका को बनाने के लिए कई राज्यों से कारीगरों को बुलाया गया है। कार्य पूर्ण होने के बाद इसकी भव्यता देखते ही बनेगी। उन्होंने बताया कि इस दौरान कई प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, इस दौरान प्रसिद्ध संगीतकार और गायक भी अपनी प्रस्तुति देंगे। दुर्गा पूजा में अब कुछ ही दिन शेष बचे हैं। क्रॉसिंग रिपब्लिक में स्थापित किए जा रहे इस पंडाल को देखने के लिए दूर-दूर से लोग आ रहे हैं। बता दें कि क्रॉसिंग रिपब्लिक में आयोजित होने वाली दुर्गा पूजा में दूर-दूर से बंगाली समुदाय के लोग शामिल होते हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.